chandrapratapsingh

Mar 23, 20222 min

अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले- बहुमत के लिए गुंडई पर उतरी भाजपा

लखनऊ, 23 मार्च 2022 : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि भाजपा गुंडागर्दी का सहारा लेकर लोकतंत्र को खत्म कर रही है। विधान परिषद चुनाव में अपने बहुमत के लिए भाजपा गुंडई पर उतर आई है। पंचायत चुनाव में भी भाजपा ने इसी तरह का कार्य किया था और अब विधान परिषद के चुनाव में यही किया जा रहा है। डीएम और एसपी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले हुए हैं तभी एटा में इस तरह की घटना हुई है।

समाजवादी चिंतक डा. राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर लखनऊ के लोहिया पार्क में आयोजित कार्यक्रम में माल्यार्पण के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा को संघर्ष का जनादेश मिला है। समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों और समस्याओं को लेकर सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी। एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। सरकार कहती है कि डीजल और पेट्रोल पर उसका नियंत्रण नहीं है, तो चुनाव के समय दाम क्यों नहीं बढ़ते हैं। चुनाव खत्म होने के बाद कंपनियां मुनाफा क्यों कमा रही हैं।

डीजल पेट्रोल से होने वाला मुनाफा बड़े-बड़े उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। योगी सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर अखिलेश ने कहा कि यह कोई नई सरकार नही है निरंतरता वाली सरकार है। अखिलेश ने कहा कि डा. लोहिया ने जो सिद्धांत और रास्ता दिखाया था समाजवादी पार्टी उसी सिद्धांतों पर चलते हुए समाज और देश के लिए काम कर रही है। आजादी के इतने सालों बाद भी बड़ी संख्या में दलित पिछड़े और अल्पसंख्यकों को उनका हक और सम्मान नहीं मिला है। डा. लोहिया के जन्मदिन पर सपा संकल्प लेती है कि पार्टी ऐसे सभी वर्गों के हक सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ती रहेगी।

    150
    0