chandrapratapsingh

Jan 10, 20232 min

BJP के खिलाफ लोकसभा चुनाव तक आक्रामक होगी सपा, फील्ड पर नजर आएंगे अखिलेश

लखनऊ, 10 जनवरी 2023 : समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव तक भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाएगी। इसके लिए पार्टी लगातार जनता से जुड़े मुद्दे उठाकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करते नजर आएगी। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर भी उनके साथ मजबूती से खड़ी दिखेगी।

सड़क पर उतरकर आम आदमी के मुद्दों के लिए लड़ेंगे अखिलेश

मैनपुरी लोकसभा व खतौली विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित सपा अपने कार्यकर्ताओं में यह जोश लोकसभा चुनाव तक यूं ही बनाए रखना चाहती है। इसके लिए सपा ने तय किया है कि लोकसभा चुनाव तक पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाएगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद भी प्रदेश कार्यालय के बजाय फील्ड में ज्यादा नजर आएंगे। इसकी शुरुआत उन्होंने कर दी है। पहले अखिलेश पर आफिस में बैठकर इंटरनेट मीडिया की राजनीति करने के आरोप लगते आए थे, इसी छवि को सुधारने के लिए सपा अध्यक्ष लगातार जिलों में जा रहे हैं।

अपनी छवि बदलने की कोशिश में अखिलेश यादव

इसके साथ ही अखिलेश उस छवि को भी तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं जिसमें कहा जाता है कि अखिलेश अपने पिता मुलायम सिंह यादव की तरह कार्यकर्ताओं को उतनी तवज्जो नहीं देते हैं। इसी रणनीति के तहत सपा अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के मामले में उनके साथ मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं। रविवार को भी अखिलेश पार्टी के ट्विटर हैंडल संचालक मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद डीजीपी मुख्यालय पहुंच गए थे। इसके बाद लखनऊ जेल में मिलने भी पहुंचे थे। सपा अध्यक्ष जब निकले तो सपा कार्यकर्ता भी सड़कों पर आ गए। पार्टी इन सबके जरिए यह संदेश देना चाहती है कि प्रदेश में भाजपा का मुकाबला केवल सपा ही कर सकती है।

    40
    0