chandrapratapsingh

Nov 24, 20222 min

भूपेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को समझाई रणनीति, बोले- सपा में परिवारवाद हावी

मैनपुरी 24 नवंबर 2022 : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लोकसभा उप चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थीं, लेकिन भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकारें हर वर्ग का विकास कर रही हैं। इसी कारण जनता में भाजपा की लहर चल रही है। इस बार मतदाता मैनपुरी में भी भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को जिताकर इतिहास रचेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों व सेक्टर संयोजकों को पार्टी की रणनीति भी समझाई।

प्रदेश अध्यक्ष ने गुरुवार को किशनी के दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल में भोगांव व किशनी विधानसभा के बूथ अध्यक्ष व सेक्टर संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद करहल के माया रिजार्ट में मैनपुरी और करहल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

सपा में परिवारवाद है हावी

सम्मेलनों में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि जिन सरकारों में संकट मोचन मन्दिर, अयोध्या, लखनऊ कचहरी में विस्फोट हुए। उनके दंगाइयों के मुकदमों को तत्कालीन सरकारों ने वापस करने का काम किया था। पिछली सरकारें दंगाइयों के साथ खड़ी रहती थीं। केंद्र की नरेंद्र मोदी व यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार सबका साथ- सबका विकास की नीति पर चल रही है। भाजपा में परिवारवाद नहीं है। यहां नीचे बूथ अध्यक्ष और ऊपर राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वर्ष 2014 के बाद भाजपा ने कई राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए, लेकिन समाजवादी पार्टी मुलायम के बाद अखिलेश और अब डिम्पल यादव पर आकर रुक गई है। वहां एक ही परिवार के लोग अध्यक्ष पद पर काबिज हैं। योगी सरकार में भ्रष्टाचार-अपराध शून्य पर हैं। बड़े-बड़े अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है। समाजवादी पार्टी ने विकास में भी भेदभाव किया था।

मैनपुरी सीट कभी न जीत पाने की टीस करनी है दूर

कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मैनपुरी सीट कभी न जीत पाने की आप सबके मन में जो टीस है, उस इतिहास को इस बार जनता बदल देगी। परिवारवाद के हम आलोचक हैं, सभी मिलकर इसे दूर करेंगे। एक बार भाजपा प्रत्याशी रघुराज शाक्य को काम करने का अवसर जरूर दें। पार्टी की रणनीति समझाते हुए कहा कि बूथ के अध्यक्ष के नेतृत्व में ही लड़ाई लड़ी जानी है। बूथों की बैठकें कर मतदाता सूची जरूर देख लें। पन्ना प्रमुख घर-घर जाकर मिलें और बाहर रहने वाले वोटों से संपर्क जरूर कर लें। सभी बूथों पर मन की बात जरूर करनी है। तीन तीन बार पन्ना प्रमुख घर घर जाकर संपर्क करेंगे। मैनपुरी आज भी भाजपा के लिए चुनौती है, लेकिन इस बार यहां कमल खिलेगा।

किशनी में हुआ सम्मेलन

किशनी के सम्मेलन को मंत्री गिरीश यादव, प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी, ब्रज प्रांत अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, एटा सांसद राजवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, जिला प्रभारी दिनेश वशिष्ठ, पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष कन्नौज प्रिया शाक्य ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में फरेंजी प्रधान रणवीर शाक्य व जटपुरा प्रधान सुबानल्लाह सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए।

    20
    0