chandrapratapsingh

Aug 22, 20232 min

'लोकतंत्र से सभी का अधिकार छीन रही BJP, मायावती संग सांठ-गांठ पैक्ट'

मैनपुरी, 22 अगस्त 2023 : करहल में मंगलवार को कैफे का उद्घाटन करने आए पूर्व कैबिनेट मंत्री समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा योगी सरकार में किसान बहुत परेशान है। किसानों की किसी तरह सुनवाई नहीं हो रही है। गोवंशीय खुले में घूम कर किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने पूछने पर यह भी कहा बरेली में किसानों ने गोवंशीय समस्या को लेकर प्रधानमंत्री के सामने प्रदर्शन करना चाहा। इस मामले को लेकर 91 किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए।

गठबंधन के पास पीएम पद के बहुत चेहरे

पत्रकारों द्वारा पूछने पर उन्होंने कहा, 2024 के लोकसभा चुनाव की समाजवादी पार्टी की पूरी तैयारी है। विपक्षी दलों द्वारा बनाए गए गठबंधन इंडिया से भाजपा के लोग भयभीत हैं। उन्होंने पूछने पर कहा, प्रधानमंत्री पद के लिए इंडिया गठबंधन के पास बहुत से चेहरे हैं। समय आने पर उनका नाम तय किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा, 2024 में भाजपा की हार निश्चित है। प्रदेश और देश की जनता भाजपा से हताश और निराश हो चुकी है।

फिरोजाबाद से अक्षय यादव को लड़ाएंगे चुनाव

शिवपाल सिंह यादव ने कहा हमारी पार्टी की तरफ से अक्षय यादव को फिरोजाबाद से लोकसभा 2024 का चुनाव लड़ाया जाएगा। इसी तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज अथवा आजमगढ़ से चुनाव लड़ सकते हैं। यह समाजवादी पार्टी की बैठक में तय किया जाएगा। समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के ऊपर स्याही और जूता फेंकने के सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा, यह सत्ता दल के लोगों को सोचना चाहिए कि मेरे समय में विपक्ष के बड़े नेताओं के साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है। उन्होंने इसका सारा दोष भारतीय जनता पार्टी पर लगाते हुए कहा, विपक्ष के नेताओं को सम्मान देने का काम सत्तापक्ष पार्टी के लोग करते हैं और उनको करना चाहिए। मगर ऐसा हो नहीं रहा है।

ओपी राजभर का भरोसा नहीं

सुभासपा के मुखिया ओम प्रकाश राजभर के बारे में पूछने पर कहा, कब क्या बोल दें, इनका कोई भरोसा नहीं है। कब किधर चले जाएं कहा नहीं जा सकता। हो सकता है, 2024 लोकसभा चुनाव से पहले किसी दूसरे दल में भी जा सकते हैं। शिवपाल सिंह यादव ने कहा राजभर पर भरोसा करना गलत है।

भाजपा से मायावती का पैक्ट

बसपा प्रमुख मायावती के बारे में कहा, इनका भाजपा से पैक्ट है। इसीलिए यह विपक्ष में होते हुए भी 24 दलों के इंडिया गठबंधन से दूर हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से चेयरमैन चौधरी अब्दुल नईम, समाजवादी पार्टी के नेता वोट सिंह यादव, सपा के जिला महासचिव रामनारायण बाथम, अफजाल खान, डीसीबी के पूर्व चेयरमैन डॉक्टर रामकुमार यादव, पूर्व विधायक अनिल यादव, सपा नेता खालिद अख्तर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव मल्लिका यादव आदि मौजूद रहे।

    00
    0