chandrapratapsingh

Feb 18, 20231 min

CM योगी के आवास को बम से उड़ाने की धमकी, जानिए कहां से आई काल

लखनऊ, 18 फरवरी 2023 : दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। दिल्ली पुलिस ने लखनऊ कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद महकमे में हड़कंप मच गया।

बम निरोधक दस्ता के साथ पुलिस बल पांच कालीदास मार्ग पहुंची। मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। काफी देर तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन बम नहीं मिला। डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक के मुताबिक दोपहर ढ़ाई बजे दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में किसी व्यक्ति ने फोन किया था। फोन करने वाले ने सीएम आवास के पास बम होने की सूचना दी थी।

छानबीन में सूचना फर्जी निकली। फोन किसने किया था, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि दिल्ली कंट्रोल रूम में दो बार फोन किया गया था। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। इससे पहले भी कई बार कंट्रोल रूम में फोन कर मुख्यमंत्री को धमकी दी गई है। लखनऊ पुलिस ने कुछ आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था।

    50
    0