chandrapratapsingh

Jun 11, 20232 min

बृजभूषण पर बोले जयंत चौधरी, 'पहली बार दुष्कर्म के सीन रीक्रिएट हो रहे

बिजनौर, 11 जून 2023 : रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजनीति के फ्रेमवर्क में कांग्रेस की अहम भूमिका है। इससे कोई इनकार नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ेगा। वे भी 23 जून को पटना में होने वाली विपक्षी एकता की बैठक में शामिल होंगे।

सपा से नहीं टूटा गठबंधन

रविवार सुबह रालोद नेता शमशाद अंसारी के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में चौधरी जयंत ने कहा कि सपा से उनका गठबंधन नहीं टूटा है। खुद अखिलेश यादव इसके बारे में कह चुके हैं। निकाय चुनाव छोटा चुनाव था। उसमे दोनों पार्टी के नेता खुद ही लड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा को अब लोकसभा चुनाव में अपनी विफलताओं का जनता को हिसाब देना है। बृजभूषण सिंह के मुद्दे को भाजपा पहले दिन से ही बहुत हल्का दिखाकर चल रही है।

पहलीबार दुष्कर्म के सीन रीक्रिएट किए जा रहे

रालोद मुखिया ने कहा कि पहली बार देखा है कि दुष्कर्म के केस में सीन रिक्रिएट किया जा रहा है और पीड़िता को आरोपित के सामने ही बुलाकर पूछताछ की जा रही है। भाजपा की भी किसी महिला नेता में हिम्मत नहीं है कि बृजभूषण सिंह का इस्तीफा मांग ले, लेकिन यह मामला अब घर घर पहुंच चुका है। आम परिवारों की महिलाएं पहलवानों के दर्द को समझ रही हैं। दिल्ली पुलिस भी सरकार के दबाव में काम कर रही है।

सरकार को जनता की अदालत में देना होगा हिसाब

जयंत चौधरी ने कहा कि अब भाजपा सरकार को चुनाव में जनता की अदालत में आकर हिसाब देना है। भाजपा की कोशिश अपनी सरकार में ज्यादा से ज्यादा इंजन लगाने की है लेकिन ये कोशिश सफल होने नहीं जा रही है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव की तैयारी के लिए गांव और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करना है। इस मेहनत का असर भी दिखेगा। प्रेसवार्ता में रालोद जिलाध्यक्ष नागेंद्र पंवार, डा.नीरज चौधरी, शमशाद अंसारी, इमरान अंसारी आदि उपस्थित रहे।

    10
    0