chandrapratapsingh

May 29, 20222 min

टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता, छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता-सीएम

लखनऊ, 29 मई 2022 : उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की पहली कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के अटल बिहारी बाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में भाजपा कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों सहित अन्य आमंत्रित नेताओं को इस मौके पर संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय मिली। यह शानदार और ऐतिहासिक विजय सभी के परिश्रम से मिली है। इस विजय के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने कई बड़े अंधविश्वास भी तोड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तमाम मिथकों को तमाम षड्यंत्रों को धूल धूसरित करते हुए भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपना कार्यकाल पूरा करके दोबारा सरकार बनाई है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सभी मिथकों को तोड़ा है। भाजपा सरकार तो देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। जनता ने भाजपा की सरकार पर भरोसा जताया है। हम भी इनके भरोसे पर खरा उतरने में लगे हैं। हमारे कोरोना प्रबंधन की हर तरफ तारीफ हुई। अब तो पीएम मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना साकार हो रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमको लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हमें अभी से लगना होगा। हमको केन्द्र और राज्य सरकार की बात और उनके कार्य को लेकर घर-घर पहुंचना है। हमें हर जगह पर अपना मन बड़ा करना होगा। टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता-छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता। प्रदेश में 37 वर्ष कोई सरकार दोबारा बनी है। उत्तर प्रदेश में किसी सरकार द्वारा अपना कार्यकाल कुशलतापूर्वक पूर्ण करके फिर से सरकार बनाने का अवसर 37 वर्ष बाद आया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का इसके लिए अभिनंदन है। इतना ही नहीं पहली बार विधान परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। अब दोनों सदनों में भाजपा को पूर्ण बहुमत है। प्रदेश में ऐसा पहली बार है जब दोनों सदनों में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण प्रारंभ हो गया है। पीएम मोदी ने लगातार आठ वर्ष साल का कार्यकाल पूरा किया है। अब देश नए भारत की ओर अग्रसर है।

    40
    0