chandrapratapsingh

Aug 31, 20222 min

CM योगी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, जल्द राहत पहुंचाने का दिया निर्देश

वाराणसी, 31 अगस्त 2022 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए शाम को पहुंचे। सीएम ने एनडीआरएफ की नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इसके बाद अस्‍सी स्थित गोयनका विद्यालय में बनाए गए बाढ़ पीड़ितों की शिविर में पहुंचे। इस दौरान सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए बाढ़ राहत कार्य में पूरा ध्‍यान देने को कहा। पीढि़तों को किसी भी तरह की दिक्‍कतों न हो यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

गंगा में उफान और बाढ़ के कारण वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में त्राहिमाम मचा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पूर्वांचल के दौरे पर हैं। गाजीपुर और वाराणसी में हालात का जायजा लेने के बाद सीएम योगी वाराणसी पहुंच चुके हैं।

बीएचयू हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री एनडीआरएफ के अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकल गए। उनके साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और कई विधायक भी मौजूद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने के बाद गोयनका विद्यालय में राहत सामग्री का वितरण भी करेंगे। देर रात सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे। गुरुवार सुबह लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

इससे पूर्व सीएम योगी गाजीपुर में सर्वेक्षण करने पहुंचे। मुहम्मदाबाद के अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से राहत किट बाटेंगे। इसके पश्चात वह चंदौली के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके पूर्व सुबह ही प्रशासन को सीएम के आगमन की जानकारी हुई तो आनन फानन जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू करने के साथ ही बैठक कर सीएम के दौरे की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ का कार्यक्रम अचानक तय होने से जिला प्रशासन हक्का-बक्का रह रह गया। जिलाधिकारी एमपी सिंह और पुलिस अधीक्षक रोहन पी. बोत्रे रात में मुहम्मदाबाद के अष्ट शहीद इंटर कॉलेज पहुंचे और हेलीपैड बनाने के साथ अन्य तैयारी में जुट।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरी रात तैयारियां चलती रहीं। सुबह होते-होते मुहम्मदाबाद में अधिकारी पहुंचने लगे। वहीं भाजपा नेताओं का भी जमावड़ा हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी स्वयं तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही दिशा- निर्देश देते रहे। इसके साथ ही प्रत्‍येक बिंदु के साथ ही बाढ़ की तैयारियों की रिपोर्ट भी तैयार की गई।

मुख्यमंत्री कब क्या किससे सवाल कर दें, इसको लेकर भी अधिकारियों की हवाइयां उड़ी हुई है। मुख्यमंत्री का उड़न खटोला दोपहर दो बजे अष्ट शहीद इंटर कॉलेज में बनाये गए हेलीपैड पर लैंड करेगा। यहां मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों से उनकी परेशानियों को जानेंगे और उन्हें राहत सामग्री देंगे।

इसके बाद बाढ़ और इससे बचाव के लिए किए जा रहे इंतजाम और पीड़ितों को की जा रही मदद के बारे में अधिकारियों से जायजा लेंगे। करीब एक घंटे तक यहां रुकने के पश्चात पूरे जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद वह चंदौली जाएंगे और वहां भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
    10
    0