chandrapratapsingh

Dec 20, 20221 min

गोरखपुर से लखनऊ आई फ्लाइट 45 मिनट तक आसमान में चक्कर काट कर लौटी

गोरखपुर, 20 दिसम्बर, 2022 : गोरखपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली एलाइंस एयर की फ्लाइट मौसम खराब होने की वजह से लखनऊ में लैंड नहीं कर सकी। 45 मिनट तक चक्कर लगाने के बाद रात को वापस गोरखपुर लौट आई। फ्लाइट में लखनऊ के 20 यात्री सवार थे। उन यात्रियों को उतारकर रात नौ बजे फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो गई। लखनऊ जाने वाले यात्रियों ने विमानन कंपनी पर नाराजगी जताई है।

गोरखपुर से लखनऊ और फिर वहां से दिल्ली जाने वाली एलाइंस एयर की फ्लाइट रोजाना की तरह मंगलवार को अपने निर्धारित समय पर शाम 5.55 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई। फ्लाइट अपने निर्धारित समय 6.50 बजे लखनऊ तो पहुंच गई, लेकिन एटीसी ने मौसम खराब होने की वजह से फ्लाइट को लैंड होने की अनुमति नहीं दी।

45 मिनट तक आसमान में मंडराने के बाद फ्लाइट को मजबूरन गोरखपुर वापस लाना पड़ा। फ्लाइट यहां रात 8.30 बजे सुरक्षित तरीके से लैंड कर गई। यहां लखनऊ के यात्रियों को उतारने के बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो गई।

लखनऊ से लौटने के बाद दिल्ली जाती है फ्लाइट

एलायंस एयर की फ्लाइट रोजाना दोपहर बाद 3.30 बजे दिल्ली से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचती है। आधे घंटे बाद यात्रियों को लेकर लखनऊ जाती है। वहां से गोरखपुर आने के बाद यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना होती है।

    00
    0