chandrapratapsingh

Oct 19, 20222 min

हिमाचल में कौन होगा भाजपा का CM चेहरा? अनुराग ठाकुर बोले- पार्टी हाईकमान करेगी फैसला

शिमला, 19 अक्टूबर 2022 : हिमाचल में सियासत गरमा गई है। भाजपा और कांग्रेस ने अपने अपने प्रत्‍याशियों की सूची घोषित कर दी है। हालांकि कुछ सीटों पर अभी भी भाजपा प्रत्‍याशियों के नाम तय नहीं कर पाई है। इसी बीच युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर के कहा कि भाजपा ने गोवा,मणिुपर में सरकार बनाई है। उम्‍मीद है कि हिमाचल में भी भाजपा भारी मतों से विजय हासिल कर मिशन रिपीट करेगी। हालांकि,सीएम का चे‍हरा कौन होगा ये पार्टी हाईकमान तय करेगा।

भाजपा ने 62 प्रत्‍याशियों की पहली लिस्‍ट की जारी

प्रदेश भाजपा ने 62 प्रत्‍याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इसे भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं में विरोध के स्‍वर देखने को मिल रहे हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने 62 सीटों पर प्रत्‍याशी उतार दिए हैं जबकि छह पर अभी पेंच फंसा है। उधर, कांग्रेस को अभी तक 22 सीटों पर चेहरे तय करने हैं।

हिमाचल प्रदेश में हर पांच वर्ष बाद बदलती है सरकार

इस पहाड़ी राज्‍य में हर पांच वर्ष के बाद सरकार बदलने की प्रथा जारी है। इसी को बदलने के लिए भाजपा ने इस बार रिवाज बदलेंगे का नारा दिया है। 1983 के बाद सरकार हर पांच वर्ष बाद बदलती रही है पर भाजपा का दावा है कि इस बार ऐसा नहीं होगा और भाजपा सरकार रिपीट करेगी।

धूमल, महेंद्र सिंह और इंद्र सिंह ठाकुर जैसे दिग्‍गज इस बार चुनावी दौड़ में नहीं

इस बार पूर्व मुख्‍यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जयराम के बाद मंत्रिमंडल में पहले नंबर पर रहे महेंद्र सिंह ठाकुर और सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ठाकुर इस बार चुनावी दौड़ से बाहर हैं। धूमल का कहना है कि उन्‍होंने पहले ही आलाकमान को लिख कर दे दिया था कि वह चुनावी राजनीति में नहीं रहना चाहते लेकिन पार्टी के लिए सक्रिय रहेंगे। उनका कहना है कि पार्टी ने अगर 75 वर्ष का बार रखा है तो उसका सम्‍मान किया जाना चाहिए।

    40
    0