chandrapratapsingh

Feb 10, 20232 min

यूपी में जो कानून रेड टेप थे अब रेड कारपेट हैं: रक्षा मंत्री

लखनऊ, 10 फरवरी 2023 : यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में पहले ऐसा खराब माहौल था कि उद्योगपति इन्वेस्ट करने को वेस्ट समझते थे, लेकिन अब वह इसे बेस्ट समझने लगे हैं। योगी सरकार द्वारा की गई मेहनत के चलते पिछले कुछ वर्षों में यूपी निवेशकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बन गया है। रक्षा मंत्री ने लोगों को यूपी का मतलब अप बताया यानी एजुकेशन अप, हेल्थ अप, स्किल अप, इंफ्रास्ट्रक्चर अप, इन्वेस्टमेंट अप और इन्वेस्टमेंट का रिटर्न भी अप है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि 21 वीं शताब्दी भारत की सदी है। दुनिया के विकास की धुरी भारत की अर्थव्यवस्था होगी और यूपी उसका ग्रोथ इंजन होगा। यूपी राइजिंग व इंडिया राइजिंग एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। प्राचीन काल में उद्योग व व्यापार भी दुनिया में भारत की पहचान हुआ करती थी लेकिन कुछ ऐतिहासिक कारणों से यह गर्त में जाने लगा।

उन्होंने देश में पूर्ववर्ती यूपीए सरकार और सपा व बसपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा भी समय देखा है, जब पर्याप्त संसाधनों के बावजूद उद्यमी निवेश करने से हिचकिचाते थे। छद्म समाजवाद के नाम पर उद्यमियों को न केवल आगे बढ़ने से रोका गया, बल्कि स्थापित उद्योगों को भी नुकसान पहुंचाया। समाज में ऐसा हीन माहौल बन गया था कि इसे ऐसे देखे जाने लगा, मानो यह सभ्य समाज से अलग कोई गतिविधि हो।

रक्षा मंत्री ने कहा कि नेतृत्व बदलने से कैसे पूरा परिदृश्य बदल जाता है, भारत सहित यूपी इसका गवाह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते करीब आठ वर्षों में बड़ा बदलाव हुआ। ऐसा नहीं है कि संसाधन बहुत बदल गए हों या लोग बदल गए हों। बावजूद इसके देश इसलिए इतना बदला क्योंकि नेतृत्व बदल गया है। लोगों को देश के नेतृत्व पर भरोसा है।

बीते कुछ वर्षों में राष्ट्र में चाहे वह आर्थिक सुधार हों या उद्यमी समुदाय को उत्साहित व प्रेरित करना हो यह दिखाते हैं कि सरकार ने एक नए दृष्टिकोण से काम किया। पुराने व अप्रभावी नियम को उद्योगों के लिए रेड टेप बन गए थे, वह अब रेड कारपेट में बदल चुके हैं। भारत की बढ़ती साख में उद्यमी समुदाय का भी बड़ा योगदान है और इन्हें सम्मान व भरोसे की नजर से देखा जाता है। अब अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक, वैश्विक निवेशक समुदाय भारत को भरोसे की नजर से देखता है।

मोदी ने मां गंगा के आदेश पर यूपी का हाथ थामा

राजनाथ सिंह ने कहा कि मां गंगा के आदेश पर पीएम मोदी ने यूपी का हाथ थामा है। वह वाराणसी से लोकसभा सदस्य हैं। पहले जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो वहां की विकास दर पूरी दुनिया के लिए रिसर्च का विषय थी। यूपी भी विकास व समृद्धि वही रफ्तार पकड़ेगा जो गुजरात ने पकड़ी थी।

    00
    0