chandrapratapsingh

Sep 2, 20222 min

शिवपाल का फिर उभरा सपा से मिले जख्मों का दर्द

लखनऊ, 2 सितंबर 2022 : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल सिंह यादव को विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से मिले जख्मों का दर्द शुक्रवार को फिर उभर आया। उन्होंने माना कि एक सीट पर समाजवादी पार्टी के साथ समझौता करना उनकी बड़ी भूल थी।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अब भतीजे अखिलेश यादव के साथ भविष्य में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं कई बार धोखा खा चुका हूं। भाजपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं से इनकार न करते हुए कहा कि यह तो आने वाला समय ही बताएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस से गठबंधन की अब कोई संभावना नहीं है।

यदुकुल पुनर्जागरण मिशन की शुरुआत

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव अब यादवों की गोलबंदी के जरिए अपनी पार्टी को मजबूत करने में जुट गए हैं। गुरुवार को ही उन्होंने संभल के पूर्व सांसद डीपी यादव के साथ मिलकर यदुकुल पुनर्जागरण मिशन की शुरुआत की है। अब वे यादवों के दूसरे प्रमुख संगठनों की बारी-बारी से बैठक करेंगे।

पिछड़ों के मुद्दों को लेकर करेंगे संघर्ष

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पिछड़ों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करेंगे। महंगी बिजली व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी आमजन को जागरूक करेंगे। कहा कि यूपी के अलावा दूसरे प्रदेशों में भी काम करेंगे। गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी लड़ेगी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 48 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले शिवपाल 2024 के चुनाव के लिए कहते हैं कि कुछ दिनों बाद सीटों की संख्या तय हो जाएगी।

मैनपुरी से 'नेताजी' चुनाव न लड़े तब सोचेंगे

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हमारी इच्छा है कि मैनपुरी लोकसभा सीट से 'नेताजी' (मुलायम सिंह यादव) चुनाव लड़ें। हम 'नेताजी' से बात करेंगे, और उन्हें जिताएंगे। यदि वे चुनाव नहीं लड़ते हैं तो फिर हम सोचेंगे।

मजबूती से लड़ेंगे नगरीय निकाय चुनाव

प्रसपा मुखिया शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी नगरीय निकाय चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी। सभी जिलाध्यक्षों से कहा गया है कि वे अपने यहां निकाय चुनाव की तैयारी करें। इससे संगठन भी नीचे तक मजबूत होगा।

    20
    0