statetodaytv

Feb 3, 20211 min

किसान आंदोलन में 26 जनवरी को जान गंवाने वाले नवरीत सिंह के परिजनों से रामपुर में मिलेंगी प्रियंका

26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान जान गंवाने वाले एक प्रदर्शनकारी के अंतिम अरदास में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हो सकते हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार इसी सिलसिले में कल राहुल-प्रियंका यूपी के रामपुर जा सकते हैं। जहां वो नवरीत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे और अपनी श्रद्धांजलि देंगे।

किसान संगठनों ने गणतंत्र दिवस के दिन राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर रैली निकाली थी। इस दौरान कई जगहों पर हिंसा की घटना देखने को मिली थी। इस हिंसा के दौरान करीब 400 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे और ट्रैक्टर पलटने से एक प्रदर्शनकारी नवरीत सिंह की मौत हो गई थी।

26 जनवरी को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि व्यक्ति की मौत उस समय हुई जब आईटीओ पर उसका ट्रैक्टर पलट गया। उन्होंने बताया था कि वह पूर्व निर्धारित मार्ग को छोड़कर गाजीपुर बॉर्डर के रास्ते दाखिल हुए प्रदर्शनकारी किसानों के साथ आया था।

राहुल गांधी तीन नए कृषि कानूनों को लेकर मोदी सरकार पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। उन्होंने आज ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार के कदमों से भारत की प्रतिष्ठा पर धब्बा लगा है।

उन्होंने कहा, ''सवाल यह है कि सरकार किलेबंदी क्यों कर रही है? क्या ये किसानों से डरते हैं? क्या किसान दुश्मन हैं? किसान देश की ताकत है. इनको मारना, धमकाना सरकार का काम नहीं है। सरकार का काम बातचीत करना और समस्या का समाधान निकालना है।’’

टीम स्टेट टुडे

advt.

    130
    3