google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

19 सितंबर से शुरु होगा 5 दिवसीय यूपी विधानसभा का मानसून सत्र

chandrapratapsingh

लखनऊ, 11 सितंबर 2022 : उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। पांच दिन के मानसून सत्र में सरकार तथा विपक्ष के बीच में जोरदार तकरार भी होने की संभावना जताई जा रही है। विधानसभा के साथ ही विधान परिषद में बहुमत के साथ सरकार का पलड़ा भारी रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 19 सितंबर से प्रारंभ होगा। माना जा रहा है कि पांच दिन के इस सत्र में तीन अध्यादेश सहित कई विधेयकों को भी मंजूरी मिलेगी। विधानसभा सचिवालय ने 19 से शुरू हो रहे विधानमंडल सत्र का 23 सितंबर तक का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इस बार सत्र के दौरान तीन अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक के साथ ही कई नए विधेयकों को पास कराने की तैयारी है।

विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे व विधान परिषद के प्रमुख सचिव डा. राजेश कुमार सिंह ने मानसून सत्र की बाबत सभी विधानसभा तथा विधान परिषद सदस्यों को सत्र का तिथिवार कार्यक्रम भेज दिया है। कार्यक्रम के अनुसार सत्र के पहले दिन यानी 19 सितंबर को निधन की सूचना ली जाएगी। इसके बाद 20 सितंबर को औपचारिक कार्य, अध्यादेश, अधिसूचनाएं व नियम आदि सदन की मेज पर रखे जाएंगे। कई विधेयकों को भी सदन की पटल पर रखा जाएगा।

विधानमंडल के मानसून सत्र में इसके बाद 21, 22 व 23 सितंबर को विधायी कार्य व अन्य कार्य होंगे। पिछले सत्र के बाद तीन अध्यादेश सरकार जारी कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश महर्षि सूचना प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश-2022, सामान्य भविष्य निधि (उत्तर प्रदेश) नियमावली, 1985-नियम 12 (संशोधन और विधमान्यकरण) अध्यादेश-2022 व इंटरमीडिएट शिक्षा (संशोधन) अध्यादेश-2022 शामिल हैं। इनके स्थान पर विधेयक पेश किए जाएंगे।

मानसून सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा विधानसभा में नेता विरोधी दल समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव के बीच में तीखी नोकझोंक भी होने की संभावना है।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0