लखनऊ, 2 अप्रैल 2022 : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष ने अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में बुलडोजर अब जनता को ही रौंदने में लग गया है। हर दिन पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के बढ़ते दामों के कारण महंगाई को पंख लग गए हैं। महंगाई कम करने के दावों का हश्र यह है कि हर रोज इसमें बढ़ोतरी हो रही है। आम जनता का जीना दुश्वार हो गया है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार किसानों के कल्याण के झूठे दावे कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि सपा महंगाई व कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरती रहेगी। भाजपा राज में ऐसे 'अच्छे दिन' आ रहे हैं कि लोग पुराने दिनों की वापसी की बात करने लगे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने के साथ ही आज से टोल-टैक्स भी महंगा हो गया। राजमार्गों पर सफर 10 से 15 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। सीएनजी-पीएनजी गैस के दाम आठ साल में सबसे ज्यादा दोगुने से अधिक बढ़ा दिए गए हैं।
रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि से घरेलू अर्थव्यवस्था बिगड़ रही है। अब कामर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर एक झटके में 250 रुपये महंगा हो गया है। एटा में कर्ज के बोझ तले दबकर एक और किसान ने खुदकुशी कर ली। यह घटना भाजपा सरकार के झूठ की पोल खोल रही है। भाजपा ने अपनी नीति और नीयत से जाहिर कर दिया है कि उसे जन-सरोकारों से नहीं, सिर्फ अपनी तिजोरी भरने से मतलब है। डबल इंजन सरकार शायद इसी तरह प्रदेश में एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने का सपना देख रही है।
Comments