प्रियंका गांधी को खाली करना होगा लोधी एस्टेट का बंगला नंबर 35,केंद्र सरकार ने भेजा नोटिस

कांग्रेस और बीजेपी के बीच जारी घमासान में नया मोड़ तब आ गया जब केंद्र सरकार ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली में लोधी एस्टेट का सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस थमा दिया। नोटिस के मुताबिक प्रियंका को ये बंगला एक महीने में यानी एक अगस्त तक खाली करना है। ये बंगला 21 फरवरी 1997 में प्रियंका को अलॉट किया गया था।
इस तरह के बंगले केंद्र सरकार उन्हीं लोगों को अलॉट करती है जिन्हें एसपीजी प्रोटेक्शन मिला होता है। अलॉटमेंट एग्रीमेंट के मुताबिक अब तक प्रियंका इस बंगले के लिए करीब 37 हजार रुपए प्रति महीने किराया दे रही हैं। जिसका लंबे समय से बकाया भी था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जून 2020 तक प्रियंका पर 346677 रुपया बकाया है।
आप को बताते चलें कि प्रियंका को मिली एसपीजी सुरक्षा कुछ समय पहले हटा दी गई है। अटल बिहारी बाजपेई की सरकार के दौरान साल 2000 में ये नियम बना था कि अगर एसपीजी सुरक्षा किसी के पास नहीं है तो उसे सरकारी बंगला नहीं दिया जा सकता।
सिर्फ प्रियंका ही नहीं अब एसपीजी सुरक्षा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पास भी नहीं है। बीते साल नवंबर में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश में एसपीजी सुरक्षा को लेकर रिव्यू किया था। इसके बाद गांधी परिवार के तीनों सदस्यों से एसपीजी सुरक्षा वापस लेकर ज़ेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई गई साथ ही सीआरपीएफ की भी सुरक्षा दी गई।
अगर प्रियंका गांधी एक महीने में लोधी एस्टेट का बंगला नंबर 35 नहीं खाली करेंगी तो उन्हें अतिरिक्त किराया देना होगा।
टीम स्टेट टुडे