google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश का अलर्ट, पूर्वी यूपी के 13 जिलों में लू की चेतावनी

chandrapratapsingh

लखनऊ, 20 जून 2023 : अरब सागर से उठे बिपरजॉय चक्रवात का असर अब उत्तर भारत पर दिखने लगा है। इसके कारण गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं अगले दो दिनों में बंगाल की खाड़ी से शुरू होने वाली मानसूनी हवाओं का असर बिहार में दिखने लगेगा। इसके बाद प्रदेश में भी मानसून दस्तक दे सकता है। आने वाले सप्ताह में बारिश गर्मी की तपिश को कम करेगी।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार, मंगलवार को चक्रवात के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा और हमीरपुर के आसपास के जिलों में भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। वहीं, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और छिटपुट बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में ताप लहर जारी रहेगी। बुधवार से लू से राहत मिलेगी।

इन जिलों में लू की चेतावनी जारी

गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर, प्रयागराज, मीरजापुर और सोनभद्र में मंगलवार को दिन का तापमान अधिक बढ़ने से दोपहर के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत लू से बचाव के प्रति सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

22 से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक

दानिश के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से चलकर आने वाली मानसूनी हवाएं 24 से 48 घंटे में बिहार में बारिश करवा सकती हैं। इसके बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी और गर्मी से राहत मिलेगी। अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक होकर 41.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान में रविवार की अपेक्षा गिरावट दर्ज की गई और तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस तरह रहा है तापमान

प्रदेशभर के तापमान की बात की जाए तो पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान में सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान प्रयागराज में 43.8 डिग्री और वाराणसी में 43.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी प्रदेश भर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे कम तापमान बुलंदशहर में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी में बादल और धूल भरी हवाएं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही रह सकती है। वहीं प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0