statetodaytv

Sep 30, 20211 min

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ में विकास कार्यों का जिक्र कर तैयार किया चुनावी माहौल

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ में 580 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए दावा किया कि 2022 विस चुनाव में भाजपा का विजय अभियान जारी रहेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहली सरकारों में सड़कें केवल कागजों में बनती थी, लेकिन अब धरातल पर नजर आती हैं।

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे आंदोलन पर कहा कि यह किसान आंदोलन नहीं सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस का प्रायोजित चुनावी आंदोलन है। किसान आंदोलन के बहाने सरकार के खिलाफ साजिश की जा रही है। मंडल की सात सड़कों का नामकरण किया, इनमें चार मेरठ और तीन बागपत की हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दो माह पहले मेरठ में 1200 करोड़, जबकि अब 580 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी गई है। 305 किमी लंबी 91 सड़कों पर काम हुआ है। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस वे, रैपिड रेल एवं गंगा एक्सप्रेस-वे की चर्चा करते हुए कहा कि मेरठ विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी की सरकार में पूर्ण पारदर्शिता है। मोदी ने दलाली को बंद करा दिया, इसीलिए तमाम राजनीतिक दल उनसे खफा रहते हैं। अब धन सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचता है। प्रदेश सरकार ने 25 रुपये गन्ना मूल्य बढ़ाकर किसानों को तोहफा दिया है।

टीम स्टेट टुडे

    90
    0