chandrapratapsingh

Aug 30, 20222 min

हेमंत अपने विधायकों को लेकर छत्तीसगढ़ रवाना, झारखंड में रहेंगे कैबिनेट मंत्री

रांची, 30 अगस्त 2022 : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने सभी विधायकों को लेकर सीएम हाउस से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। एक बस में सभी विधायक सवार हैं। इसमें खुद सीएम भी हैं। सभी विधायक बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से शाम साढ़े चार बजे उड़ान भरेंगे। झामुमो और कांग्रेस के कई विधायकों की खरीद-बिक्री की आशंका के मद्देनजर यह कदम उठाया है।

मालूम हो कि झारखंड में तेजी से घटनाक्रम बदल रहा है। सत्ताधारी गठबंधन के विधायक अब छत्तीसगढ़ के रायपुर में रखे जाएंगे, जबकि हेमंत कैबिनेट ही केवल झारखंड में मौजूद रहेगी। इन विधायकों के लिए इंडिगो का 72 सीटों का एक विशेष विमान रांची एयरपोर्ट पर मंगाया गया है। एयरपोर्ट सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है कि विमान रायपुर जाने के लिए रांची पहुंचा है। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने भी इसकी जानकारी दी है की शाम तक विधायक यहां से उड़ान भर लेंगे। हालांकि, मंत्रिमंडल के साथियों को अभी रांची में ही रहने के लिए कहा गया है और उनके बारे में कोई निर्णय गुरुवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक के बाद लिया जाएगा।

विधायकों की खरीद बिक्री की आशंका से डरे हेमंत

झारखंड में लाभ के पद के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सदस्यता रद होने की संभावना है। ऐसे में उनके इस्तीफे के बाद सरकार गिराने के लिए झामुमो-कांग्रेस विधायकों की खरीद बिक्री की संभावना है। इस खतरे को देखते हुए हेमंत सोरेन सतर्कता बरत रहे हैं। झारखंड में सत्ता को लेकर अनिश्चितता का वातावरण बना हुआ है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। वहां किसी तरह की अन्य गतिविधि पर आसानी से निगरानी रखी जा सकेगी।

गुरुवार को झारखंड कैबिनेट की होनी है अहम बैठक

यह भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस के विधायकों के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय अथवा प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर रायपुर तक जाएंगे। मंत्रियों के बारे में स्पष्ट सूचना है कि वह कैबिनेट की बैठक तक रांची में ही रहेंगे। ज्ञात हो कि गुरुवार को राज्य कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इंडिगो के विमान की बुकिंग

एयरपोर्ट अथॉरिटी एवं इंडिगो विमान से जुड़े सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि 72 सीटों का विमान मंगलवार की सुबह रांची एयरपोर्ट पर पहुंच चुका है, जो कुछ विशेष लोगों को लेकर रायपुर के लिए रवाना होगा। दूसरी ओर विधायकों ने बताया कि उन्हें सुबह सवेरे मुख्यमंत्री कार्यालय से तैयार होकर आने के लिए कहा गया जिसके बाद सभी रांची पहुंचे। सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों में फिलहाल वही बाहर थे जिनका क्षेत्र राजधानी रांची के निकट है। कांग्रेस विधायकों ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें मुख्यमंत्री आवास में बुलाया गया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय राजकीय अतिथि शाला से निकल गए हैं और वे रायपुर होते हुए नई दिल्ली चले जाएंगे। विधायकों को एयरपोर्ट तक लाने के लिए मुख्यमंत्री आवास से बस की बुकिंग की गई थी।

30
0