chandrapratapsingh

Aug 7, 20222 min

हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी जोरों पर, लहराएंगे साढ़े चार करोड़ तिरंगे

लखनऊ, 7 अगस्त 2022 : देश की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हर समारोह को प्रदेश सरकार ने जोरदार ढंग से मनाने की तैयारी पर ली है। 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह (Swatantra Saptah) तथा 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान (Har Ghar Tiranga Abhiyan) वृहद स्तर पर मनाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत साढ़े चार करोड़ तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता सप्ताह 11 से 17 अगस्त और 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। इस दौरान सभी शहरों व गांवों में स्वच्छता अभियान के साथ पार्कों की सजावट की जायेगी। प्रदेशवासियों को सरकार की प्राथमिकताओं व उपलब्धियों की जानकारी दी जायेगी।

जोरों पर है तिरंगा की बिक्री

हर घर तिरंगा अभियान को बेहतर अंजाम देने के लिए जिलों में भाजपा के कार्यालयों के साथ ही डाकघर से भी झंडा की बिक्री की जा रही है। रविवार को भी हर जगह झंडा बिक्री के लिए पोस्ट आफिस खोले गए हैं। देश के साथ प्रदेश में भी आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा लगाने के अभियान की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री और वितरण की सुविधा के लिए भी सरकार अपनी तरफ से लगी हुई है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी डाकघर स्वतंत्रता दिवस से पहले छुट्टी के दिनों में भी खुले रहेंगे। देश भर में डाकघर इस सार्वजनिक अभियान का हिस्सा बने हुए हैं। सार्वजनिक अवकाश के दिन यानी सात, नौ तथा 14 अगस्त को भी डाकघरों में कम से कम एक काउंटर के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री के लिए व्यवस्था की गई है।

सरकारी कार्यालयों में लहराएंगे खादी के ध्वज

आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने विस्तृत निर्देश जारी किया है। इसके तहत सभी सरकारी, वाणिज्यिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा शैक्षणिक संस्थानों में खादी से निर्मित राष्ट्र ध्वज ही फहराये जाएंगे। इसके साथ ही इस बार सरकार ने कई जगह पर पालिस्टर के झंडे लगाये जाने की अनुमति भी दे दी है। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर ने सभी जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर सुबह आठ बजे सभी सरकारी भवनों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान होगा। दोपहर बाद सार्वजनिक स्थानों पर जनसभाओं का आयोजन किया जायेगा। जिनमें देशभक्तों व अमर बलिदानियों के जीवन संघर्ष को याद किया जायेगा। सभी समुदायों में एकता, भाईचारे व इंसानियत पर बल दिया जायेगा। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास की अवधारणा पर काम कर रही है।

    100
    0