google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

महंगा हो सकता है हवाई सफर


लखनऊ, 26 जून 2023 : नगर निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए हर उड़ान पर तीन हजार का कर वसूलने की तैयारी कर रहा है। चार्टर्ड विमान और हेलीकाप्टरों से भी यही शुल्क वसूला जाएगा। इसके अलावा प्रति यात्री के हिसाब से भी सौ रुपये कर वसूला जाएगा।

साफ है कि विमानन कंपनियां कर की यह रकम यात्रियों से वसूलेंगी तो अब उनको जेब और ढीली करनी पड़ सकती है। कर वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में होने वाली कार्यकारिणी समिति में लाया जा रहा है।

अदाणी ग्रूप द्वारा संचालित होता है हवाई अड्डा

उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 172 (ग) के तहत यह कर वसूला जाएगा। प्रस्ताव में कहा गया है कि चौधरी चरण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अदाणी ग्रुप द्वारा संचालित है। हालांकि नगर निगम की कार्यकारिणी में पहले भी यही प्रस्ताव पास किया गया था, लेकिन शासन को न भेजे जाने से कर वसूली का आदेश लागू नहीं हो पाया था।

अब नगर निगम फिर से इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी समिति की बैठक में लाकर उसे मंजूरी देगा और फिर नगर निगम सदन से मुहर लगने के बाद उसे शासन को भी भेजा जाएगा। शहर में मनमाने ढंग से संचालित हो रहे टेंपो और आटो को लेकर भी कार्यकारिणी में प्रस्ताव लाया जा रहा है।

डीएम की अध्यक्षता में टेंपो और आटो रिक्शा संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई बैठक के बिंदुओं पर चर्चा होगी। इसमें शहरी क्षेत्र में 45 जगहों पर ठहराव स्थलों पर मोर्चा पदाधिकारियों की तरफ से संचालन और 27 पिक एंड डंप स्थलों के अनुमोदन दिए जाने का प्रस्ताव कार्यकारिणी समिति के समक्ष लाया जाएगा।

आवारा कुत्तों को पकड़ने की बनेगी योजना

कूड़ा प्रबंधन का काम देख रही मेसर्स ईको ग्रीन से अनुबंध खत्म करने और बाद में व्यवस्थाओं को देखने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। कूड़ा प्रबंधन को लेकर कार्यकारिणी समिति और सदन में ईको ग्रीन से अनुबंध खत्म करने पर पहले भी चर्चा हो चुकी है और ईको ग्रीन को हटाने का निर्णय भी हो चुका है, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

अब फिर से कार्यकारिणी समिति के समक्ष उसी प्रस्ताव को लाया जा रहा है। खतरनाक हो गए आवारा कुत्तों को पकड़ने की चर्चा भी कार्यकारिणी समिति के समक्ष होगी। ऐसे हमलावर कुत्तों को चिह्नित करने की कार्ययोजना बनेगी। दरअसल आवारा कुत्तों को पकड़कर फिर से उसी जगह पर छोड़ दिए जाने से लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है।

150 उड़ान और 18 हजार यात्री चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से प्रतिदिन 150 विमान उड़ान भरते हैं। इस हिसाब से हर दिन नगर निगम को साढ़े चार लाख की आय होगी। इसी तरह प्रति यात्री से 100 रुपये कर वसूला जाना है। हर दिन 18 हजार यात्री आते-जाते हैं। इससे भी नगर निगम को 18 लाख की प्रतिदिन की आमदनी होगी।

ये प्रस्ताव भी आएंगे कार्यकारिणी में

10 लाख से होने वाले कार्यों का मैनुअल टेंडर और 10 लाख से ऊपर के काम का ई-टेंडर किया जाना

हर वार्ड को 12-12 रिक्शा ट्राली दिया जाना

रोड कटिंग के बाद मरम्मत का काम उसी वार्ड में हो, जिस वार्ड के लिए मरम्मत का बजट मिला है

सफाई कर्मचारियों को सात तारीख तक भुगतान करना

वार्डों से हटाए गए 25 प्रतिशत सफाई कर्मचारियों को फिर से लिया जाना

कूड़ा उठाने के लिए हर वार्ड को एक छोटी गाड़ी उपलब्ध कराना

मृत पशुओं को शिकायत के तीन घंटे में उठाना होगा



0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0