अखिलेश और ममता की जनसभा पर बोले शिवपाल - 'हम और अखिलेश अब एक हो गए हैं'

वाराणसी, 3 मार्च 2022 : अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की संयुक्त जनसभा रिंगरोड के समीप ऐढ़े में आयोजित की जा रही है। अखिलेश- ममता की संयुक्त जनसभा में लोगों के आने का क्रम सुबह से शुरू हुआ तो दिन चढ़ने तक जारी रहा। मंच पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पहुंचे और आयोजन का जायजा भी लिया। वहीं सपा, सुभासपा और टीएमसी के झंडों से मैदान पटा हुआ नजर आ रहा है। शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी भी रैली में शामिल हुए और सुपरटेट पास अभ्यर्थियों में सभी की नियुक्ति के लिए अपनी मांग को बुलंद करते नजर आए।
शिवपाल यादव ने कहा कि हम और अखिलेश अब एक हो गए हैं। अब आपको निर्णय लेना है। भाजपा को सत्ता से बेदखल करना है। हम आपसे पूछना चाहते हैं कि वाराणसी की सभी सीटों पर क्या आप सपा के नेताओं पर आशीर्वाद देंगे। हम आपसे आग्रह करते हैं कि जहां भी गठबंधन का प्रत्याशी हो वहां अपना आशीर्वाद बनाएं।
रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की तरह सपा का घोषणा पत्र फर्जी नहीं है। हम जो कहते हैं वह करते हैं। बात चाहे शिक्षा मित्रों के नियमित करने की हो या फिर आशा बहनों के मानदेय बढ़ाने की हो। हम जो भी वादा कर रहे हैं वह पहली कैबिनेट में पूरी करेंगे। भाजपा के लोगों को पश्चिमी से समाजवादियों ने भागना शुरू किया है। यह सिलसिला सात मार्च को समाप्त हो जाएगा। अभी तो उत्तर प्रदेश की यह स्थिति है वर्ष 2024 में क्या होगा। अगर युवाओं का उत्साह इसी तरह कायम रहा तो वर्ष 2024 में भाजपा समाप्त हो जाएगी।