google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

वैश्य समाज के सम्मेलन में जुटी भीड़ से गदगद भाजपा – नरेश अग्रवाल ने दिखाई ताकत



भारतीय जनता पार्टी के नेता नरेश अग्रवाल की अगुवाई में वैश्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का नजारा देखने लायक था। प्रदेश के 75 जिलों से वैश्य समाज के लोगों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का उत्साह संयमित करने के लिए खुद नरेश अग्रवाल को बार बार माइक संभालना पड़ा।


वैश्य समाज के इस कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 के बाद से भारत की दिशा को मजबूती से बदलने का काम शुरू हुआ। आज कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां भारत का परचम नहीं फहरा रहा हो। दुनिया के मंच पर भारत की धमकेदार पहचान बनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को भारतीय दृष्टि दी है। 1947 में यदि मोदी जैसा नेतृत्व भारत के पास होता तो आज भारत विश्व की सबसे बड़ी ताकत होता। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले कोरोना महामारी आई होती तो सोचिये देश का क्या हाल होता। पहले पर्व व त्योहारों पर अराजकता का माहौल था। गुंडा टैक्स वसूला जाता था। अब दंगाइयों को पता है कि दंगा करेंगे तो सात पीढ़ियों तक वसूली की जाएगी।



मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज यूपी नम्बर दो की अर्थव्यवस्था बना है। हर पंजीकृत व्यापारी का 10 लाख रुपये का बीमा कर रहे हैं। सिंगल विंडो का सबसे बड़ा प्लेटफार्म यूपी के पास है। डबल इंजन की सरकार ने आम जन के जीवन मे परिवर्तन किया है। आज पर्व व त्योहार मनाने में कोई बाधा नहीं है। 2017 से पहले कावड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी। हमने धूमधाम से यात्रा निकाली और पुष्पवर्षा भी कराई।



वैश्य समाज भाजपा को 15 दिन का समय दे: स्वतंत्र देव सिंह


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वैश्य समाज भाजपा को राम के नाम पर 15 दिन का समय दे। भाजपा वैश्य समाज के दम पर खड़ी हुई है। पहले लोग टीका लगाने, मन्दिर जाने और खुद को हिन्दू कहने से डरते थे आज वही लोग मन्दिर मन्दिर जा रहे हैं। हम मिशन के लिए काम करते हैं। हम सपा-बसपा की तरह लूटने नहीं आए हैं। कश्मीर में पहले सेना पर पत्थर फेंके जाते थे आज फूल बरस रहे हैं।


'वैश्य समाज हिंदू समाज का रक्षक है'


भाजपा सांसद नरेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ब्राह्मण सड़क पर माहौल बनाता है लेकिन व्यापारी दुकान पर माहौल बनाता है। तन और मन तो कोई भी दे सकता है लेकिन धन व्यापारी ही दे सकता है।

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज का रक्षक वैश्य समाज ही है। राजनीतिक दलों में कोषाध्यक्ष पद वैश्य समाज को दिया जाता था लेकिन अब दूसरे समाज को देना चाहिए क्योंकि अब दूसरे समाज के लोग भी व्यापार करने लगे हैं। अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में गुंडाराज समाप्त कर व्यापारी को अच्छा माहौल दिया है। व्यापारी को व्यापार के लिएअच्छा माहौल चाहिए। योगी के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।


विधानसभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली सरकार ने सबसे ज्यादा वैश्य व व्यापारी समाज को प्रताड़ित किया था। प्रदेश की जनता ने 2007 से 2017 तक तुष्टिकरण की राजनीति करने वालो को सत्ता से बाहर किया है। 2022 में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। वैश्य समाज के सम्मेलन में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी लखनऊ पहुंचे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्व राज्यमंत्री बृजेश शुक्ला लगातार सक्रिय रहे।


टीम स्टेट टुडे



bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0