google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

दलित वोटबैंक के लिए BJP ने तैयार किया खास प्लान


लखनऊ, 1 अक्टूबर 2023 : सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी दलितों को साधने के लिए 'बस्ती संपर्क अभियान' चलाने जा रही है। शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाई गई। इसमें तय किया गया कि 'बस्ती संपर्क अभियान' तेजी से गांव-गांव में चलाया जाए।

केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करने के साथ ही समाज के प्रबुद्ध वर्ग, सेवानिवृत्त अधिकारी, खिलाड़ी, लोककलाकारों एवं अन्य प्रमुख लोगों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी-क्षेत्रीय अध्यक्ष, केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

सबका साथ, सबका विकास पर देती है जोर

प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति के लोगों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्षों में अनेक योजनाओं के जरिए अनुसूचित वर्ग के लोगों के कल्याण और उत्थान के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में अनुसूचित वर्ग के सबसे ज्यादा सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भाजपा के ही हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर से जुड़े पांच स्थल जन्म स्थान महू, दीक्षा स्थल नागपुर, चैत्य भूमि मुंबई, शिक्षा भूमि लंदन और महापरिनिर्वाण स्थल दिल्ली में स्मारकों के निर्माण कर पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है।

वोट बैंक साधने में जुटी बीजेपी

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे अभियानों व कार्यक्रमों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने 'बस्ती संपर्क अभियान' जोर-शोर से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुसूचित मोर्चा द्वारा प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले सम्मेलनों की योजना पर भी चर्चा की।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र स्तर पर होने वाले इन सम्मेलनों में प्रत्येक विधानसभा के प्रत्येक बूथ से अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा अनुसूचित समाज के कल्याण के लिए किए गए कार्यों के बारे में भी लोगों को बताने के लिए व्यापक संपर्क संवाद आयोजित किया जाए।

ये लोग हुए शामिल

बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने किया। बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कन्नौजिया, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, राष्ट्रीय महामंत्री अनुसूचित मोर्चा भोला सिंह, शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, समाज कल्याण मंत्री असीम अरूण, विजय लक्ष्मी गौतम, सुरेश राही, अनूप वाल्मीकि व मनोहर लाल सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0