बुलंदशहर में दूल्हे बलराम तो बागपत में 90 वर्षीया बाला ने किया मतदान
- chandrapratapsingh
- Feb 10, 2022
- 1 min read

लखनऊ, 10 फरवरी 2022 : देश की सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के गठन के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान में पहले चरण की वोटिंग कोहरे तथा ठंड के बाद भी शुरू हो गई है। मतदाता सात बजे से पहले ही केन्द्रों में पहुंच गए थे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2002 में पहले चरण के मतदान में 11 जिलों के 58 विधानसभा क्षेत्र के मतदाता आज अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रात: सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में आज प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के नौ मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
बुलंदशहर में दूल्हे बलराम तो बागपत में 90 वर्षीया बाला ने किया मतदान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर निर्वाचन आयोग के साथ मतदाता भी गंभीर है। भयंकर ठंड तथा कोहरे के बाद भी मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। बुलंदशहर में बलराम की गुरुवार को बरात जानी है, लेकिन बलराम ने बरात में जाने से पहले सीधा मतदान केन्द्र का रूख किया और वोट डाला। बागपत में पहले दो घंटे में सर्वाधिक वोट पड़े हैं। यहां पर मतदाताओं में खासा जोश है। इसी जोश का उदाहरण हैं 90 वर्षीया वृद्धा बाला। जिनको उनका पोता विक्रांत मतदान के लिए गोद में उठाकर मतदान केन्द्र तक लाया। जहां पर बाला ने वोट डाला।
Bình luận