google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

CM का अल्‍टीमेटम, गोरखपुर जेल बाईपास का काम जून तक पूरा करने के निर्देश


गोरखपुर, 29 अप्रैल 2022 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जून तक कौवाबाग-बरगदवा बाईपास (जेल बाईपास) फोरलेन का निर्माण कार्य जून महीने तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी दशा में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

196 करोड़ की लागत से बन रहा फोरलेन

मुख्यमंत्री जेल बाईपास फोरलेन कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। 196 करोड़ की लागत से करीब 8.56 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रशासनिक एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी गुणवत्ता के साथ काम पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री करीब शाम सवा छह बजे कौवाबाग पहुंचे। उन्होंने जेल के पीछे सड़क पर बनाए गए काटेज में प्रोजेक्ट मैप का विस्तृत अवलोकन भी किया। उन्होंने सड़क व नाले के निर्माण की गुणवत्ता भी जांची। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में समयबद्धता और गुणवत्ता अनिवार्य शर्त होनी चाहिए। उन्होंने नाले के निर्माण के बारे में पूछा।

नाले का लेबल नीचा रखें, ताकि जलनिकासी में न हो कोई समस्‍या

कार्यदायी संस्था की ओर से बताया गया कि सड़क के दोनों ओर नाला बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नाला नीचा होना चाहिए, जिससे मोहल्लों का पानी भी निकल जाए। उन्होंने नाले के साथ बनने वाले डक्ट का लेबल ऊंचा रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी दशा में नाले को खुला न छोड़ा जाए। इसे स्लैब से ढक दिया जाए।

रेल ओवरब्रिज का भी किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने बरगदवा में बनाए जा रहे रेल ओवरब्रिज के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस पुल को भी समय से पूरा किया जाए। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को सड़क निर्माण की प्रगति से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि नाले को ढकने का प्रस्ताव है। निरीक्षण के दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, डीआइजी जे रवींद्र गौड़, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसएसपी डा. विपिन ताडा आदि मौजूद रहे।

पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन

निरीक्षण के दौरान शक्तिनगर के पार्षद आलोक सिंह विशेन, जंगल सालिकराम के पार्षद प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह व चरगांवा के पार्षद संतराज शर्मा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि नाला तीन फीट ऊंचा होने से शक्ति नगर कालोनी, राजनगर कालोनी, विष्णुनगर कालोनी, आस्था हास्पिटल के पीछे की कालोनी, इन्द्रप्रस्थपुरम कालोनी, शताब्दीपुरम कालोनी, शिवपुर सहबाजगंज कालोनी की जलनिकासी नहीं हो पाएगी।

5 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0