google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

Ramgopal Yadav के विवादास्पद बयान पर बिफर गए Cm Yogi Adityanath



लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है. उत्तर प्रदेश में 10 लोकसभा सीटों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने राम मंदिर को लेकर ऐसा विवादित बयान दिया है जिसके बाद बीजेपी उन पर हमलावर है. रामगोपाल यादव ने कहा कि मंदिर तो बेकार है, ऐसे मंदिंर नहीं बनाए जाते हैं। उनके इस बयान से सियासत गर्म हो गई है।


रामगोपाल यादव ने कहा, 'वो मंदिर तो बेकार का है, मंदिर ऐसे बनाए जाते हैं? मंदिर ऐसे नहीं बनते हैं, पुराने मंदिर देख लीजिए दक्षिण से से लेकर उत्तर तक देख लीजिए, नक्शा ठीक नहीं बना है, उसका वास्तु के लिहाज से ठीक नहीं बनाया गया है।  



राम-कृष्ण का अपमान करने वालों को वोट की ताकत से औकात पर ला दीजिएः योगी



  • मुख्यमंत्री ने सीतापुर के सांसद व भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा को फिर से जिताने की अपील की

  • रामगोपाल पर बिफरे सीएम, बोले- किसी मुसलमान के खिलाफ बयान दिये होते तो वह बर्दाश्त नहीं करता, लेकिन उनके मन में आपके लिए जो भी आ जाए, वह बोल देंगे

  • सीतापुर के लाल मनोज पांडेय ने देश के लिए किया विजयश्री का वरणः योगी

  • बोलेः अच्छे जनप्रतिनिधि चुनने से विकास की मुख्य धारा से जुड़ा सीतापुर

  • सर्वाधिक आवास, शौचालय व किसान सम्मान निधि का लाभ सीतापुर कोः सीएम



सीतापुर, 7 मईः आप नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में हैं। कई पीढ़ियां जिस कार्य को नहीं देख पाईं, उसे हम सबने अपनी आंखों से देखा। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन गया, लेकिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने बयान दिया है कि राम मंदिर का निर्माण बेकार हुआ है। यही बयान अगर वह किसी मुसलमान के खिलाफ दिये होते तो मुसलमान बर्दाश्त नहीं करता, लेकिन आपके लिए उनके मन में जो भी आ जाए, वह बोल देंगे। क्या आप यह बर्दाश्त कर पाएंगे। सीएम ने आह्वान किया कि जो राम-कृष्ण व आस्था का अपमान कर रहे हैं। उन्हें चुनाव में वोट की ताकत दिखा दीजिए और औकात पर ला दीजिए।


उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने मंगलवार को सेउता-बिसवां रोड पर आयोजित जनसभा में सीतापुर के सांसद व 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा को फिर से जिताने की अपील की। सीएम ने बिन नाम लिए सपा को चेताया कि यह लोग सत्ता से कोसों दूर हैं। चुनाव के बाद इनकी गर्मी अपने आप ठीक हो जाएगी।


रामभक्तों की मौत पर खुशी मनाते हैं और माफिया की मौत पर घड़ियाली आंसू बहाते हैं


सीएम योगी ने कहा कि सपा नौजवानों के हाथों में तमंचे देती थी, हमने उन्हें टैबलेट दे दिया। अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं तो माफिया-अपराधियों का रामनाम सत्य की यात्रा भी निकल रही है। सपा के लोग रामभक्तों पर गोली चलाते हैं और आतंकियों की आरती उतारते हैं। उनके मुकदमे वापस लेते हैं। रामभक्तों के निधन पर खुशी मनाते हैं और माफिया की मौत पर घड़ियाली आंसू बहाते हैं।


सर्वाधिक आवास व शौचालय सीतापुर में बने


सीएम ने सीतापुर व सेवता के नागरिकों के प्रति अपना लगाव प्रदर्शित किया। बोले कि यह जनपद भाजपा प्रत्याशियों के लिए शुभ है। जब भी मेरा आगमन हुआ है तो आपका आशीर्वाद भाजपा प्रत्याशियों को मिला। आपके आशीर्वाद से ज्ञान तिवारी विधायक बने और सांसद राजेश वर्मा के साथ मिलकर बाढ़ की समस्या के समाधान में लगभग पूरी सफलता प्राप्त कर ली है। देश में गरीबों को सबसे अधिक आवास व शौचालय सेवता विधानसभा और सीतापुर जनपद को मिला। सर्वाधिक किसान सम्मान निधि का लाभ सीतापुर जनपद को मिला है। आपने अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुना है, इसलिए आपका जनपद विकास की मुख्यधारा के साथ जुड़ा है। यहां गरीब कल्याणकारी योजनाएं भी खूब आ रही हैं।


जल्द ही सीतापुर में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें


सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश में हाइवे बन रहे हैं। नमो भारत, वंदे भारत, अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं। एक्सप्रेसवे के साथ-साथ सीतापुर में हमारी सरकार ने नैमिषारण्य का भव्य पुनरोद्धार किया है। अब हम सीतापुर को इलेक्ट्रिक बस से जोड़ने की कार्रवाई बढ़ा रहे हैं। यहां की सभी समस्याओं का निदान कर रहे हैं। सीएम योगी ने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान के हिमायती लोगों को बताइए कि भारत को तोड़कर बने पाकिस्तान में लोग भूखों मर रहे हैं। एक किलो आटा के लिए छीनझपटी हो रही है और भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है।


गरीबों की पीड़ा के साथ खड़े हैं हमारे विधायक-सांसद


सीएम योगी ने कहा कि हमारे विधायक व सांसद गरीबों की पीड़ा के साथ खड़े हैं। इन लोगों ने इलाज के लिए शासन से गरीबों को सुविधाएं और पैसे उपलब्ध करवाए हैं। सपा-कांग्रेस के समय यह पैसा गरीबों को नहीं देते थे, बल्कि बांट लेते थे। लेकिन उप्र सरकार बेटी के जन्म से लेकर शादी-विवाह के योग्य होने तक का खर्च उठा रही है। भाजपा गरीब कल्याणकारी योजना, सुरक्षा, विकास व सम्मान दे रही है। पीएम मोदी ने तीन करोड़ ड्रोन दीदी लखपति दीदी के रूप में बनाने का संकल्प लिया है। डबल इंजन सरकार इन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का कार्य करेगी।


सीतापुर का लाल शहीद हो गया और सपाई आतंकवादियों का समर्थन करते हैं


सीएम ने सीतापुर वासियों से भावनात्मक संवाद भी स्थापित किया। बोले कि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन मनोज पांडेय यहां की माटी का लाल है। उन्होंने भारत के लिए कारगिल में विजयश्री का वरण किया और दुश्मनों के छक्का छुड़ाते हुए बलिदान हो गए। यह कांग्रेसी-सपाई आतंकवादियों, गोहत्या का समर्थन और राम मंदिर का विरोध करते हैं। आपको ऐसे लोगों का समर्थन नहीं करना है। कांग्रेस, सपा व इंडी गठबंधन देश की बीमारी है। इस बीमारी को जितनी जल्दी दूर करेंगे, उतना जल्दी भारत विकसित बनेगा।


इस अवसर पर संत प्रेमदास जी महराज, सांसद व भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा, विधायक ज्ञान तिवारी, निर्मल वर्मा, आशा भदौरिया महमूदाबाद, पूर्व विधायक सुनील वर्मा समेत कई संतजन भी मौजूद रहे।


 

भिखमंगे पाकिस्तान का नारा लगाने वाले वहीं जाकर भूखों मरें: सीएम योगी



- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को किया संबोधित

- बोले सीएम, आज बहराइच विकास के नये आयाम गढ़ रहा

- बोले, पाकिस्तान की जय-जय करने वाले भारत पर बोझ मत बनें


बहराइच, 7 मई: देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है जबकि पाकिस्तान की 24 करोड़ की आबादी भूखों मर रही है। इसके बाद भी कुछ लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान का नारा लगाते हैं। उनका वही हाल होगा जो महाराज सुहेलदेव ने सालार मसूद का किया था। ये वीरों की धरती है। उनसे बोलिए कि जिस भिखमंगे पाकिस्तान का वह नारा लगाते हैं, वहीं जाकर भूखो मरें। यहां भारत पर बोझ मत बनें। कांग्रेस और सपा की सरकार में देश में कहीं भी आतंकी विस्फोट हो जाते थे। उस समय भारतीय जनता पार्टी जनता जनार्दन की आवाज उठाती थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। देश में आतंकवाद पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। दुनिया में देश का सम्मान बढ़ने के साथ विकास के बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बहराइच लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी डॉ. आनंद कुमार गोंड के पक्ष में वोट की अपील की।


आज प्रदेश में बमबाजी नहीं बल्कि हर हर बम बम के साथ कांवड़ यात्रा निकल रही


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज बहराइच विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। यहां पर महर्षि बालार्क के नाम पर अस्पताल और महाराज सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज खुल चुका है। इसकी पहले कल्पना नहीं की जाती थी, लेकिन मोदी है तो मुमकिन है। महाराजा सुहेलदेव का भव्य विजय स्तंभ बनकर तैयार है। वह राष्ट्र रक्षक थे इसलिए सम्मान देना हमारा काम है। वहीं उनका भव्य स्मारक भी बनाया जा रहा है। हमने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पंच तीर्थ का निर्माण भी किया है। बीजेपी की डबल इंजन की सरकार देश के महापुरुषों का सम्मान करना जानती है। वहीं कांग्रेस और सपा महापुरुषों का अपमान करना ही अपना धर्म मानते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में रामलला का भव्य, दिव्य और नव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है। यह कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए असंभव था, लेकिन इसे हमने करके दिखाया। साथ ही साथ जनता जनार्दन का सम्मान भी बढ़ाया है। सीएम योगी ने कहा कि सपा के समय नौजवानों के हाथों में तमंचे पकड़वाए जाते थे। हमने उनके हाथों में टैबलेट थमाया। इससे प्रदेश का युवा स्मार्ट नौजवान हुआ है। उनके समय में अपराधी और माफिया जगह-जगह बम विस्फोट करते थे। हमने उनका राम नाम सत्य कर दिया। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में बमबाजी नहीं होती बल्कि हर हर बम बम के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।


जनता का स्नेह और आशीर्वाद प्रधानमंत्री संग कमल को प्राप्त हो रहा


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज तीसरे चरण का मतदान चल रहा है। दो चरणों का मतदान पहले ही समाप्त हो चुका है। जनता जनार्दन का अपार स्नेह और आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कमल निशान पर प्राप्त हो रहा है। यह रुझान तीसरे चरण में भी देखने को मिल रहा है। जनता जनार्दन का यह उत्साह दिखाता है कि प्रदेश के तीसरे चरण की सारी सीटों पर कमल खिल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि अबकी बार 400 पार का लक्ष्य पूरा होगा और देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनेगी। यह ऐसे ही नहीं होने जा रहा बल्कि इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले दस वर्षों में देश के लिए किए गए सार्थक कार्यों से संभव हो पाया है। दुनिया आज बदलते हुए भारत को देख रही है। वहीं वर्ष 2014 से पहले देश की क्या हालत थी, सभी जानते हैं। उस समय बदहाल भारत जनता का विश्वास खो चुका है। वहीं आज जनता का विश्वास मोदी सरकार पर अडिग हुआ है। इस अवसर पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, सांसद अक्षयबर लाल गौड़, विधान परिषद सदस्य पद्मसेन चौधरी, विधायक रामनिवास वर्मा, सुरेश्वर सिंह, अनुपमा जायसवाल, सुभाष त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।


 

भगवान के अस्तित्व को चुनौती देना और सनातन संस्कृति को गाली देना विपक्षी नेताओं के लिए फैशन बन गया: सीएम योगी



- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को किया संबोधित

- बोले सीएम- राम के अस्तित्व को नकारने वाले एक बार नैमिषारण्य की धरती पर जरूर आएं

- प्रभु राम और कृष्ण के अस्तित्व को शास्त्रीय प्रमाण के साथ प्रकट करती है नैमिषारण्य की पवित्र भूमिः सीएम


सीतापुर, 7 मई: भारत की सनातन संस्कृति को गाली देना, देश की सत्ता को चुनौती देना, प्रभु राम और कृष्ण के अस्तित्व को चुनौती देना आजकल विपक्षी नेताओं के लिए एक फैशन सा बन गया है। जब विनाश काले विपरीत बुद्धि होती है तो लोग ऐसा ही करते हैं। उन्हे मालूम होना चाहिये कि ये धरती ऋषियों और सनातनियाें की है। वह केवल यज्ञ हवन तक ही सीमित नहीं थे, बल्कि विपत्ति आने पर राक्षसों का नरसंहार भी करते थे। ऐसे में प्रभु राम और कृष्ण पर सवाल खड़ा करने वालों को हम कैसे स्वीकार कर सकते हैं। देश की जनता वोट की चोट के जरिये इसका हिसाब देगी। आज दुनिया सीतापुर और उत्तर प्रदेश की तरफ देख रही है क्योंकि जब कोई रामद्रोही राम के अस्तित्व को नकारने का प्रयास करता है तो नैमिष सामने आ खड़ा होता है। वह अपने शास्त्रीय प्रमाण से प्रभु राम और कृष्ण के अस्तित्व को प्रकट करता है। यह साहस केवल नैमिषारण्य की धरती ही कर सकती है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा प्रत्यशी अशोक रावत के पक्ष में वोट की अपील की।


प्रभु की सत्ता पर विश्वास करने वाला ही देश की आस्था का सम्मान कर सकता है


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने नैमिषारण्य के विकास के लिए विभिन्न कार्य किये हैं, जो आपको दिखने लगे हैं। आज अयोध्या जिस तरह से नई नजर आ रही है, वैसे ही नैमिषारण्य का भी नया स्वरुप सबके सामने है। यहां पर वायु सेवा और इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। वहीं यात्रियों के लिए विश्रामालय बनने वाले हैं। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम की तरह मां ललिता धाम का भी पुनरोद्धार और सुंदरीकरण किया जा रहा है। इससे यहां के नौजवानों और व्यापारियों के लिए नये रोजगार का सृजन होगा। यह कार्य केवल वही कर सकता है, जो प्रभु की सत्ता पर विश्वास करता हो। यह काम भगवान राम और कृष्ण को नकारने वाले नहीं कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश नये भारत का दर्शन कर रहा है। सीएम योगी ने कहा कि आज तीसरे चरण का मतदान हो रहा है जबकि दो चरण में मतदान संपन्न हो चुके हैं। आज के मतदान के बाद आधा चुनाव संपन्न हो चुका होगा और देश में एक ही आवाज अबकी बार 400 पार की सुनायी दे रही है क्योंकि हमने बदलते हुए भारत को देखा है। आज नया भारत आतंकवाद के सामने घुटने नहीं टेकता है बल्कि उसका राम नाम सत्य कर देता है।


वोट की चोट से आतंकवाद का समर्थन करने वालों को चुनाव प्रक्रिया से करना है गायब


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीतापुर में सबसे अधिक शौचालय और उज्जवला योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन दिये गये हैं। ऐसे में मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि जो लोग गरीब कल्याणकारी योजनाएं से छूट गये हैं उन्हे चुनाव के बाद सुविधा दी जाएगी। यह मोदी की गारंटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आह्वान किया कि इस बार ऐसी वोट की चोट करिये ताकि आतंकवाद और माफिया का समर्थन करने वाले हमेशा के लिए भारत की चुनाव प्रक्रिया से गायब हो जाएं। वह दोबारा चुनाव लड़ने की हिम्मत ही न कर पाएं। यह चुनाव केवल चुनाव नहीं है बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए चुनाव है। ऐसे में हमे तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है और अबकी बार 400 पार का लक्ष्य प्राप्त करना है। इस अवसर पर बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक रामकृष्ण भागर्व, आशीष सिंह आशू, अलका रघुवंशी, एमएलसी पवन सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।


 

कांग्रेस-सपा व इंडी गठबंधन का चरित्र राम और भारत विरोधीः योगी




रामगोपाल यादव पर बिफरे, बोले- उनका बयान कोटि-कोटि रामभक्तों का अपमान

आतंकवाद समर्थक और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों के विपरीत आचरण करते रहे हैं इंडी गठबंधन के लोग

आमजन को चेताया, बोले- कांग्रेस, सपा व राजद को जब भी अवसर मिलेगा, यह पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण में सेंध लगाकर जबरन अल्पसंख्यकों को देने का प्रयास करेंगे


लखनऊ, 7 मईः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को चुनाव प्रचार पर जाने से पूर्व अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री के निशाने पर कांग्रेस, सपा, राजद समेत इंडी गठबंधन के तमाम दल रहे। सपा नेता रामगोपाल यादव और राजद प्रमुख लालू यादव के बयानों पर भी उन्होंने खूब लताड़ा। सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी-कांग्रेस का चरित्र हिंदू और राम विरोधी है। 'जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखि तिन तैसी' ...


यह रामभक्तों पर गोली चलाने, श्रीराम के अस्तित्व को नकारने और मर्यादा प्रभु श्रीराम की ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देने वाले लोग हैं। यह भारत की आस्था, भारत के राष्ट्र नायकों का सम्मान कर सकें, आजादी के आंदोलन में योगदान देने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति श्रद्धा का भाव रख सकें। इन लोगों से ऐसी उम्मीद करना बेमानी है।


श्रीराम के आदर्शों के विपरीत आचरण करते रहे हैं इंडी गठबंधन के लोग


सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस, सपा, डीएमके, राजद, नेशनल कॉफ्रेंस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। यह लोग हमेशा से अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करते रहे हैं। इनकी भावनाएं हिंदुओं और भारत की आस्था के विरोध में रहती हैं। इनका चरित्र तुष्टिकरण की नीति को पोषित करने वाला है। यह आतंकवाद समर्थक और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों के विपरीत आचरण करते रहे हैं। ऐसे लोगों से इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती है, लेकिन यह लोग जान लें कि ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देने का मतलब- विनाश काले, विपरीत बुद्धि। इनका वास्तविक चरित्र जनता-जनार्दन समझ रही है। कांग्रेस व इंडी गठबंधन से जुड़े लोगों ने शुरू से प्रयास किया कि अयोध्या में राम मंदिर के मामले में माननीय न्यायालय से फैसला न आने पाए। यह लोग बैरियर बनकर रोड़े अटकाते थे। जब मामला उच्चतम न्यायालय में गया, तब 7-8 वर्षों तक इन लोगों ने कुछ नहीं होने दिया पर जब मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र, फिर राज्य में सरकार बनी तो इस प्रक्रिया को तेजी से बढ़ाया गया। इस पर माननीय उच्चतम न्यायालय ने फैसला दिया। पीएम मोदी के मार्गदर्शन व नेतृत्व में अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। देश और दुनिया का कोटि-कोटि श्रद्धालु आकर श्रद्धा व्यक्त करते हुए नई अयोध्या का दर्शन कर रहा है। कांग्रेस-सपा व इंडी गठबंधन के लोग रामद्रोहियों के साथ खड़े हुए हैं।


रामगोपाल यादव का बयान कोटि-कोटि रामभक्तों का अपमान


सीएम योगी ने कहा कि रामगोपाल यादव का बयान सपा व कांग्रेस के साथ इंडी गठबंधन की वास्तविकता को प्रदर्शित करता है। यह लोग वोट बैंक के लिए न केवल भारत की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि प्रभु श्रीराम की ईश्वरीय सत्ता को चुनौती देने का काम कर रहे हैं। इतिहास गवाह है कि जिसने भी ईश्वरीय सत्ता को चुनौती दी है, उसकी दुर्गति हुई है। रामगोपाल यादव का बयान सनातन आस्था के साथ खिलवाड़, कोटि-कोटि रामभक्तों का अपमान है। जिन लोगों ने पूरा जीवन राम मंदिर के लिए समर्पित किया है, उनकी आस्था पर कुठाराघात है। भारतीय समाज इसे कतई स्वीकार नहीं कर सकता। इनका बयान चिढ़ाने वाला है। तुष्टिकरण की नीति पर चलकर वोट बैंक को बचाए रखने की कवायद की जा रही है। ऐसे बयानों से इनकी वास्तविकता साफ झलक रही है।


भारत के विभाजन की रखी जा रही आधारशिला, इसे नकारते हुए पुरजोर जवाब दें मतदाता


सीएम ने कहा कि पीएम भी कह रहे हैं कि इंडी गठबंधन से जुड़े कांग्रेस, सपा-राजद आदि दल पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण पर सेंध लगाने का प्रयास करेंगे। इनका घोषणा पत्र इस बात का उल्लेख करता है। कांग्रेस नेतृत्व की यूपीए सरकार जब सत्ता में थी तो राजद व सपा उसके घटक दल थे। उस समय इन लोगों ने रंगनाथ मिश्रा व सच्चर कमेटी गठित की थी। रंगनाथ मिश्रा कमेटी ने उल्लेख किया था कि 27 में से छह फीसदी आरक्षण मुसलमानों को देना चाहिए। भाजपा ने उस समय इसका पुरजोर विरोध करते हुए कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता। फिर सच्चर कमेटी गठित करके अनुसूचित जाति-जनजाति के आरक्षण में सेंध लगाने का प्रयास किया था। इन लोगों ने मुस्लिमों की कुछ जातियों को अनुसूचित जाति-जनजाति में शामिल करने का प्रयास किया। भाजपा ने इसका भी विरोध किया था, क्योंकि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर धर्म के आधार पर आरक्षण के विरोधी थे। उन्होंने कहा था कि धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं हो सकता। य़ह भारत के विभाजन का कारण बना था, इसलिए हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए। इस कारण अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ी जाति के अधिकार बच पाए पर कांग्रेस, सपा व राजद को जब भी अवसर मिलेगा, यह इन जातियों के आरक्षण में सेंध लगाकर जबरन अल्पसंख्यकों को देने का प्रयास करेंगे। भारत के विभाजन की आधारशिला रखी जा रही है, जिसे नकारते हुए मतदाताओं को पुरजोर जवाब देना चाहिए।

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0