google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

विधान परिषद की दो रिक्त सीटों के लिए मतदान जारी, CM योगी ने डाला वोट


लखनऊ, 29 मई 2023 : विधान परिषद की दो रिक्त सीटों के लिए सोमवार को उपचुनाव की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधान परिषद के चुनाव के लिए वोट डाला। मतदान विधान भवन के तिलक हाल में हो रहा है। जिसमें विधान सभा के सभी 403 निर्वाचित सदस्य दोनों सीटों के लिए अलग-अलग वोट डाल रहे हैं।

मतदान सुबह नौ से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी और उपचुनाव के परिणाम भी सोमवार शाम ही घोषित कर दिये जाएंगे।

भाजपा और सपा ने उतारे प्रत्याशी

भाजपा और सपा ने दोनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा ने जहां अपने प्रदेश उपाध्यक्षों-पदमसेन चौधरी और मानवेन्द्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है, वहीं सपा ने विधान परिषद के पूर्व सदस्य रामजतन राजभर और लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष रामकरन निर्मल को उम्मीदवार बनाया है।

विधान सभा में विभिन्न दलों के संख्याबल के आधार पर उपचुनाव में भाजपा की जीत तय मानी जा रही है।
विधान सभा सचिवालय ने उपचुनाव के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपचुनाव के लिए रिटर्निंग अफसर बनाये गए विधान सभा सचिवालय के विशेष सचिव मुशाहिद सिद्दीकी ने बताया कि दोनों सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए तिलक हाल में दो अलग-अलग पोलिंग बूथ बनाये गए हैं।

भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय

गौरतलब है कि 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 255 तथा उसके सहयोगी अपना दल (एस) के 13 व निषाद पार्टी के छह सदस्य हैं। वहीं सपा के 109 और उसके सहयोगी रालोद के नौ सदस्य हैं। सुभासपा के छह, कांग्रेस व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो-दो और बसपा के एक सदस्य हैं।

ऐसे में भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। विधान परिषद की एक सीट भाजपा सदस्य लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किये जाने पर 15 फरवरी को सदन की सदस्यता से उनके त्यागपत्र देने के कारण रिक्त हुई है। दूसरी सीट फरवरी में भाजपा सदस्य बनवारी लाल दोहरे के निधन की वजह से रिक्त हुई है।


0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0