CM Yogi ने उपचुनाव में जीत पर रामपुर के भाजपाइयों की थपथपाई पीठ, तोहफा देने की कही बात

लखनऊ, 11 जुलाई 2022 : लोकसभा उप चुनाव में जीत हासिल करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर जिले के भाजपा नेताओं की पीठ थपथपाई और भविष्य में भी इसी तरह प्रयास करते रहने का आह्वान किया। जीत की खुशी में मुख्यमंत्री ने रामपुर के भाजपा नेताओं को मिलने के लिए लखनऊ बुलाया था। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं की एकजुटता और कार्य की सराहना की। साथ ही जल्द ही रामपुर आकर जिले को कई तोहफे देने का आश्वासन दिया। यह भी कहा कि अब रामपुर में विकास की गंगा बहेगी।
रामपुर में सपा नेता आजम खां के इस्तीफा देने के बाद लोकसभा सीट खाली हुई थी। जिस पर हुए उपचुनाव में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी सपा के आसिम राजा को हराकर सांसद निवार्चित हुए। रामपुर में इस ऐतिहासिक जीत से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गदगद हैं। उन्होंने रविवार को जिले के भाजपा नेताओं को अपने आवास पर लखनऊ आमंत्रित किया था। उनके साथ भोज भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामपुर के भाजपा नेताओं ने उपचुनाव में एकजुट होकर बहुत अच्छा काम किया है। इसके बदले में वह रामपुर का तेजी से विकास कराएंगे। शीघ्र ही रामपुर आएंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरीके से उपचुनाव में भाजपाइयों ने मेहनत से काम किया है, इसी तरीके से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दें। इसी साल नगर पालिका और नगर पंचायतों के चुनाव होने हैं, उसमें भी एकजुट होकर काम करें। भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने बताया कि इस दौरान नवनिर्वाचित सांसद घनश्याम सिंह लोधी, प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, मिलक की विधायक राजबाला, भाजपा नेता आकाश सक्सेना, अर्चना गंगवार, दीक्षा गंगवार, हरीश गंगवार आदि मौजूद रहे।