नई दिल्ली, 23 जनवरी 2022 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए रविवार को कहा कि हर भारतीय को देश के लिए उनके महत्वपूर्ण योगदान पर गर्व है। मोदी ने लोगों को 'पराक्रम दिवस' की शुभकामनाएं भी दीं। सरकार ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक बोस की जयंती को 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'मैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। हर भारतीय को देश के लिए उनके महत्वपूर्ण योगदान पर गर्व है।' प्रधानमंत्री ने शाम को इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण भी किया। यह 28 फीट ऊंची और छह फीट चौड़ी है। बाद में इसके स्थान पर ग्रेनाइट की बनी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
एक अलंकरण समारोह में प्रधानमंत्री ने वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए। वर्ष 2022 के लिए यह पुरस्कार संस्थागत श्रेणी में गुजरात आपदा प्रबंधन संस्थान (जीआइडीएम) को और व्यक्तिगत श्रेणी में सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनोद शर्मा को प्रदान किया गया है।
Komentar