महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने BJP पर कसा तंज, राष्ट्रवाद की आड़ में घिनौना खेल
- chandrapratapsingh
- Jul 10, 2022
- 2 min read

लखनऊ, 10 जुलाई 2022 : महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शोभा ओझा ने भाजपा सरकार पर हमला किया। शोभा ने कहा कि भाजपा के खोखले राष्ट्रवाद को पहचानिए। राष्ट्रवाद की आड़ में यह देश को खोखला करने का घिनौना खेल खेल रहे हैं। भाजपा को सामने आकर जनता को जवाब देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में शोभा ओझा ने कहा कि एक के बाद एक घटनाओं में लगातार आतंकियों और अपराधियों के तार भाजपा से मिल रहे हैं।
शोभा ने कहा कि पिछले दिनों उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या में शामिल एक आरोपित मोहम्मद रियाज भाजपा का कार्यकर्ता था। उसने भाजपा के नेताओं की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली थी। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में पिछले दिनों ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों में से एक तालिब हुसैन भाजपा का पदाधिकारी निकला। इसकी भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी हैं। उन्होंने कई और घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं के साथ आतंकियों और देश को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की लंबी फेहरिस्त है।
रामपुर व आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद सपा ने शुरु किया सदस्यता अभियान: रामपुर व आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। सपा ने सदस्यता अभियान की निगरानी के लिए 18 प्रमुख नेताओं की टीम बनाई है।18 प्रमुख नेताओं की टीम में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य, विधायक इंद्रजीत सरोज, राम अचल राजभर, नरेंद्र वर्मा, महबूब अली, दयारामपाल, केके श्रीवास्तव, किरनपाल कश्यप, अरविंद सिंह गोप, अरविंद कुमार सिंह, संजय लाठर, शशांक यादव, मिठाई लाल भारती, रामआसरे विश्वकर्मा, राजेश कुशवाहा, हरिश्चंद व प्रो. बी पांडेय शामिल हैं। यह सभी नेता बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान सुनिश्चित करेंगे। अखिलेश ने पांच जुलाई को पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू किया था।
Comments