google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

लखनऊ समेत सभी जिलों में मतदान कल, लखीमपुर और हरदोई में वोटिंग नहीं


लखनऊ, 8 अप्रैल 2022 : विधान परिषद चुनाव के लिए लखनऊ में दस मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ में क्षेत्र पंचायत मलिहाबाद, माल, बख्शी का तालाब, चिनहट, काकोरी, सरोजनीनगर, गोसाईगंज, मोहनलालगंज, नगराम और हजरतगंज स्थित नगर निगम कार्यालय में केंद्र बनाए गए हैं। लखनऊ में कुल मतदाताओं की संख्या 4018 है। लखनऊ जनपद में पांच जोनल और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, वहीं उन्नाव जनपद में छह जोनल और 17 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। साथ ही 27 माइक्रो प्रेक्षकों की तैनाती भी की गई है।

अयोध्‍या : जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार के अनुसार शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन क्षेत्र में फैजाबाद के साथ अंबेडकरनगर जिला भी शामिल है। यहां तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। निवर्तमान विधान परिषद सदस्य व समाजवादी पार्टी प्रत्याशी हीरालाल यादव व पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी हरिओम पांडेय में सीधी लड़ाई है। तीसरे निर्दल प्रत्याशी का नाम नरेंद्रदेव है। 4042 मतदाता हैं। मतदाताओं में फैजाबाद के 1968 एवं अंबेडकरनगर के 2074 हैं। मतपत्र में बैगनी पेन से ही अधिमान 1,2 व 3 हिंदी, अंग्रेजी व रोमन में लिखा जाएगा। निशक्त, निरक्षर व नेत्रहीन मतदाताओं के मतदान के लिए 172 मतदान सहायक दिए गए हैं। इनमें 96 फैजाबाद के व 76 अंबेडकरनगर के हैं।

अंबेडकरनगर : एमएलसी चुनाव के लिए नौ मतदेय स्थलों पर आगामी नौ अप्रैल को मतदान होगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर से आरक्षित वाहन से सुरक्षा बलों के साथ पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में चार-चार मतदान कार्मिक शामिल हैं। मतदान के समापन पर पोलिंग पार्टियां वापस कलेक्ट्रेट आएंगी। यहां से एसडीएम सदर पवन जायसवाल और सीओ सदर अशोक कुमार की सुरक्षा में सील मतपेटियों को अयोध्या जनपद के स्ट्रांग रूम में भेजा जाएगा। यहां तीन उम्मीदवार हैं। इसमें भाजपा से डा. हरिओम पांडेय, सपा से निर्वतमान एमएलसी हीरालाल यादव व निर्दलीय नरेंद्र देव तिवारी चुनावी मैदान में डटे हैं। इस चुनाव में नोटा का कोई स्थान नहीं है। एमएलसी चुनाव में सहयोगी की मांग करने वाले 140 मतदाताओं के आवेदन का परीक्षण करने पर महज 76 मतदाताओं को यह सुविधा देने के लिए पात्र पाया गया है। इससे इतर 64 मतदाताओं को अपात्र मानकर इनका आवेदन निरस्त कर दिया गया है।

अमेठी : 13 ब्लाक मुख्यालयों को मतदान केंद्र बनाया गया है। अमेठी व सुलतानपुर संयुक्त प्रत्याशी के लिए अमेठी के 1675 मतदाता वोट डालेंगे। जिसमें प्रधान- 682, बीडीसी- 877, विधायक- 04, एमएलसी- 02, डीडीसी- 36, सभासद- 75, महिला मतदाता- 806 व पुरुष मतदाता- 869 अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

बलरामपुर : जिले में एमएलसी चुनाव संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार से पोलिंग पार्टियां रवाना हो जाएंगी। नौ अप्रैल को जिले के 1913 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। नौ ब्लाकों के लिए एक-एक पोलिंग पार्टी रहेगी जबकि एक पोलिंग पार्टी रिजर्व में रखी जाएगी। ब्लाकों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा जाे शाम चार बजे तक चलेगा। अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष ने बताया कि जिले में 1913 मतदाता हैं। इसमें 1052 पुरुष व 861 महिलाएं हैं।

गोंडा : विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई है। नौ अप्रैल को गोंडा व बलरामपुर के 4908 मतदाता नए एमएलसी का चुनाव करेंगे। एमएलसी चुनाव को लेकर शुक्रवार को नौ बजे मतदान कर्मियों को कलेक्ट्रेट में बुलाया गया था। परिसर में मतदान कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने व सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। गोंडा स्थानीय प्राधिकारी सीट के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। गोंडा व बलरामपुर में मतदान के लिए 26 केंद्र बनाए गए हैं। 4908 मतदाता नए प्रतिनिधि का चुनाव शनिवार को करेंगे। मतदान के लिए ब्लाक मुख्यालय व जिला पंचायत कार्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है। रिटर्निंग आफिसर/डीएम डा. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि मचुनाव में सहयोग के लिए 403 मतदाताओं ने इस बार हेल्पर लिए हैं। हेल्पर लेने वालों में निरक्षर व शारीरिक रूप से अक्षम मतदाता शामिल हैं। 174 हेल्पर गोंडा व 129 बलरामपुर के हैं।

रायबरेली : मतदान निष्पक्ष और निर्भीक हो, इसको लेकर प्रशासन काफी गंभीर है। एमएलसी चुनाव में जिले से चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें से एक प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को अपना समर्थन दे दिया था। चुनाव में सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, बीडीसी, सभासद, निकायों के अध्यक्ष समेत 2480 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान कराने के लिए 25 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं, जिसमें सात पोलिंग पार्टी रिजर्व में रहेंगी। सभी मतदान केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती होगी।

बाराबंकी : एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए 15 पोलिंग पार्टियां ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) से रवाना कर दी गई हैं। चुनाव में 2854 वोटर हैं। एक पद पर तीन प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा एमएलसी प्रत्याशी अंगद सिंह, सपा से राजेश यादव राजू, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में हैदरगढ़ के सरायरावत खेरवा के रामधीरज चुनाव में ताल ठोंक रहे हैं। मतदान बैंगनी कलर के पेन से होगा।

सुलतानपुर : सुलतानपुर-अमेठी विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की जा रही हैं। दोनों जिलों में कुल 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सुलतानपुर में 15 व अमेठी के 13 केंद्र शामिल हैं। कुल चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा के शैलेंद्र प्रताप सिंह, सपा की शिल्पा प्रजापति के अलावा इंद्र कुमार शुक्ल व देवी प्रसाद पांडेय निर्दलीय हैं। कुल 3895 मतदाता शनिवार को मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

सीतापुर : विधान परिषद सदस्य पद के निर्वाचन के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई है। जिले में 20 बूथों पर शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान होना है। कुल 3891 मतदाता मतदान करेंगे।

बहराइच : विधान परिषद सदस्य बहराइच-श्रावस्ती के लिए शनिवार को मतदान होगा। भाजपा प्रत्याशी डाक्टर प्रज्ञा त्रिपाठी व सपा के अमर यादव चुनाव मैदान में हैं। दोनों जिलों के 20 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से वोटिंग शुरू होगी। जिलाधिकारी डाक्टर दिनेश चंद्र और एसपी केशव चौधरी की मौजूदगी में सुरक्षा कर्मियों के साथ पार्टियों को वाहनों से भेजा गया। बहराइच में 2776 एवं श्रावस्ती में 983 समेत कुल 3769 मतदाता एमएलसी चुनाव में मतदान करेंगे।

लखीमपुर : भाजपा के उम्मीदवार अनूप गुप्ता को निर्विरोध एमएलसी चुना जा चुका है। अनूप गुप्ता भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश महा मंत्री के पद पर कार्यरत हैं और लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता पार्टी में संगठन में रहते हुए सराहनीय कार्य किया है इसलिए उनको पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया। जिसके बाद उनको निर्विरोध प्रत्याशी चुन लिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के द्वारा उनको प्रमाण पत्र भी निर्गत किया जा चुका है।


55 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0