google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

ओपी राजभर का भीतर से था सपोर्ट, कह दी ये बड़ी बात


ree

मऊ, 10 सितंबर 2023 : घोसी विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने बड़ा बयान दिया है। जीत का श्रेय घोसी की जनता के साथ ही सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को भी दिया। उन्होंने कहा कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने हमको भीतर से सपोर्ट किया। यही वजह है कि हमें 42,759 मतों से रिकार्ड जीत मिली। इसके साथ ही घोसी की जनता की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है।

जीत के बाद क्‍या बोले घोसी के नए व‍िधायक सुधाकर स‍िंह

सुधाकर सिंह ने कहा कि जनता ने जिसको चाहा, उसे चुना है। मतगणना के दौरान भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के न दिखने के प्रश्न पर कहा कि वह हमारे मित्र हैं। वह पहले ही आजमगढ़ चले गए। सुबह से ही एक्स पर टाप ट्रेंड में घोसी उपचुनाव और सुधाकर सिंह रहे। घोसी विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर सुबह से पूरे देश की निगाहें थीं। हार-जीत को लेकर दावों का दौर दिन भर आभासी दुनिया के मंचों पर प्रसारित होता रहा।

एक्स पर इंडिया टाप 30 ट्रेंड में रहा घोसी बाईपोल

रुझान आने से पहले जहां भाजपा और सुभासपा के समर्थकों का उत्साह चरम पर था तो दिन चढ़ने के साथ ही साइकिल की गति के आगे सभी दावे फेल हो गए। दोपहर से पहले सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह के पक्ष में रुझान देखकर सपा ही नहीं, आइएनडीआइए के समर्थकों का उत्साह बढ़ने लगा। एक्स पर इंडिया टाप 30 ट्रेंड में घोसी बाईपोल सुबह से ही रहा। सुधाकर सिंह टाप ट्रेंड में छठे और दारा सिंह चौहान सातवें स्थान पर थे।

ओपी राजभर ने सपा छोड़ थामा था भाजपा का दामन

सपा का साथ छोड़कर भाजपा के साथ मिलकर चुनाव प्रचार करने वाले ओमप्रकाश राजभर 14वें स्थान पर थे। शिवपाल सिंह यादव, शिवपाल यादव और शिवपाल चाचा भी शीर्ष ट्रेंड में बने रहे। एक्स यूजर्स ने उपचुनाव में शिवपाल की सक्रिय भूमिका पर ‘चाचा विधायक हैं हमारे... का पोस्टर जारी किया तो राजभर पर मीम्स और कार्टून प्रसारित कर उनकी खिंचाई भी की। कभी सपा संग रहे राजभर के भाजपा पर कटाक्ष वाले पुराने वीडियो भी साझा किए।

संजय निषाद पर शिवपाल हमलावर

घोसी में चुनाव प्रचार के दौरान निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का पाकिस्तान वाले बयान का वीडियो भी खूब प्रसारित हुआ। काउंटिंग के दौरान संजय निषाद ने कहा था कि जिस तरफ सपा का वोट है, जिन लोगों को सपा ने तुष्टीकरण की नीति की वजह से इकट्ठा किया है, उनकी आबादी वाले क्षेत्र के बक्से खुलते हैं तो लगता कि वो लोग जीत रहे हैं।

शिवपाल यादव ने एक्स पर लिखा-कोई इन्हें बताए कि ये 'इंडिया दैट इज भारत है', जहां हर भारतीय भारत माता की संतान है और एक सम्मानित नागरिक है। भारत में पाकिस्तान खोजने वाले इस देश की संप्रभुता को चुनौती दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने 'समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद' लिखकर अपने समर्थकों का उत्साह बढ़ाया।

सपा प्रमुख भी रहे सक्रिय

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा, 'महिलाओं ने जिस प्रकार घोसी में सपा की जीत के लिए वोट डाला है, उसके लिए धन्यवाद! भाजपा सरकार में लगातार बढ़ती महंगाई और घटती कमाई की दोहरी मार झेल रहे परिवारों का आक्रोश है, जिसने वोट बनकर भाजपा को हराया है।' एक अन्य पोस्ट में उन्होंने सपा के प्रचार का वीडियो साझा कर लिखा - घोसी की जनता ने भाजपा को 'पचास हजारी पछाड़' दी है। ये भाजपा की राजनीतिक ही नहीं, नैतिक हार भी है। इसके अलावा देर शाम आइएनडीआइए की जीत पर एक पोस्टर भी साझा किया।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0