google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

समाजवादी पार्टी गुंडे, अपराधियों, माफियाओं, दंगाईयों की फैक्ट्री: केशव प्रसाद मौर्या



लखनऊ 13 अप्रैल 2024। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडे, अपराधियों, माफियाओं, दंगाईयों की फैक्ट्री है। सपा की सरकार के समय प्रसिद्ध नारा था जिस गाड़ी में सपा का झंडा, उस गाड़ी में बैठा गुंडा। हर सपाई का था नारा, खाली मकान-प्लॉट हमारा।


अखिलेश यादव की सरकार के समय प्रदेश का हर जिला अपराध से पीड़ित था और दंगों की आग में झुलस रहा था। अपराधियों की रहनुमाई के कारण सपा अब सफा हो गई। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के विरोधी हैं। इनका पीडीए परिवार डिवेलप्मेंट अथॉरिटी है। इंडी गठबंधन के सभी नेता एक दूसरे के परिवारों का ही हित साधने में ही बिजी हैं। इनकी सरकार में सर्वाधिक उत्पीड़न पिछड़ों, दलितों का ही हुआ है। श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रदेश में पिछले सात सालो में एक भी दंगा नही हुआ। गुंडे, अपराधी, माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कार्यवाही हो रही है। सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प, भयमुक्त वातावरण तथा विकास की ओर तेजी से बढ़ते देश में जनता स्वयं मोदी जी बनकर चुनाव लड़ रही है।


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रभु श्रीरामलला वर्षो की लम्बी प्रतीक्षा के बाद अपने जन्म स्थान पर विराजमान हुए और कई पीढियों की अभिलाषा पूर्ण हुई। रामभक्तों पर गोली चलाने वाला रामद्रोही परिवार को भी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा का निमत्रंण भेजा, लेकिन उस निमत्रंण को ठुकराने का काम सपा व कांग्रेस ने किया। जिन्होंने राममंदिर के निमंत्रण को ठुकराया है उनको रामभक्त ठुकरा देगे। राम मंदिर सिर्फ राम मंदिर नहीं है बल्कि राष्ट्र मंदिर है। उन्होंने कहा कि सारे विधायकों के साथ सपा के बहुत से विधायक भी श्री रामलला के दर्शन करना चाहते थे। लेकिन सपा बहादुर अखिलेश यादव ने अपने दल के विधायको को श्रीरामलला के दर्शन करने से रोक दिया और यही कारण है कि समाजवादी पार्टी में अंतर्कलह व्याप्त हुआ और अंतआर्त्मा की आवाज पर राज्यसभा चुनाव में सपा विधायकों ने मतदान भी किया।


मौर्य ने कहा कि सपा भ्रष्टाचार की जननी है। सपा गरीबों का शोषण करने वाली पार्टी है। सपा मुखिया का मनोबल टूट चुका है। समाजवादी पार्टी बिखर चुकी है। सपा, बसपा व कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। अखिलेश यादव का अपराधियों व भ्रष्टाचारियों से पुराना नाता है। भ्रष्टाचार व अपराध इंडी गठबंधन के पर्याय हो गए है।

उत्तर प्रदेश की चुस्त-दुरूस्त कानून व्यवस्था, विकासपरक योजनाओं से जनता को लाभ, अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर निर्माण, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति से चारों दिशाओं में भाजपा की आंधी चल रही है। जिससे भाजपा को सफलता मिलेगी और अबकी बार 400 पार का लक्ष्य पूर्ण होगा।

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0