google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

यूपी चुनाव में कांग्रेस की हालत बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना जैसी-नकवी


रामपुर, 12 फरवरी 2022 : केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हिजाबी हुड़दंग मुस्लिम लड़कियों की तालीम और तरक्की पर तालिबानी ताला लगाने का षड्यंत्र है। सभी को अपनी मर्जी से पोशाक पहनने का संवैधानिक अधिकार है। मुस्लिम लड़कियां सड़कों और बाजारों में बुर्का पहन सकती हैं और हिजाब भी लगा सकती है, लेकिन स्कूल-कालेजों के भी संवैधानिक अधिकार हैं। उनका ड्रेस कोड है, इसलिए उनके अधिकारों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को रामपुर में मीडिया से वार्ता के दौरान यह बात कही।

उन्होंने कहा कि हिजाब का मुद्दा कुछ लोगों की साजिश है। जो लोग संविधान में अपने अधिकार ठोक रहे हैं, वे संवैधानिक कर्तव्यों की ठिठौली कर रहे हैं। देश संविधान से चल रहा है, अगर कोई शरीयत से सारी चीजें चलाना चाहे तो नहीं चलेंगी। किसी को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी के घर पर जाए और कहे कि मैं यही पहनकर आउंगा। आजकल तो लोग पार्टियों में बुलाते हैं तो उसमें भी ड्रेस कोड बता देते हैं। हर स्कूल कालेजों का भी ड्रेस कोड है। यह देश स्वतंत्र देश है। हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक आजादी है। इसी तरह संस्थाओं को भी संवैधानिक अधिकार मिले हैं।

अगर वह संस्था पसंद नहीं है तो आप दूसरी संस्था में दाखिला ले लीजिए। ड्रेस कोड, डोकोरम और डिसिपिलेन में राजनीति नहीं होनी चाहिए। प्रियंका गांधी को लेकर बोले, कांग्रेस का तो उत्तर प्रदेश में कहीं अता-पता नहीं है। कांग्रेस की हालत तो बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना जैसी हो गई है। इसमें टिकट लेने वालों से ज्यादा टिकट वापस करने वाले हैं। इसी तरह रालोद-सपा गठबंधन का हाल है। पहले अखिलेश ने राहुल गांधी से गठबंधन किया था और अब जयंत चौधरी से किया है। इनका हाल भी पहले जैसा होगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। पहले चरण में भी भाजपा मजबूत रही है। लोगों का जुनून दिखाई पड़ा है। पिछली सरकार अपराधियों की हिफाजत करने वाली थी और अब अपराधियों को हिरासत में लेने वाली सरकार है।

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0