google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

24 को प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे CM योगी, इन जिलों में रहेंगे डिप्टी सीएम


लखनऊ, 22 अप्रैल 2023 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अप्रैल सोमवार से नगरीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शरुआत करेंगे। उन्होंने चुनाव प्रचार का शंखनाद मां शाकंभरी देवी की धरती सहारनपुर से करने का निर्णय लिया है। यहां महाराज सिंह डिग्री कालेज के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। पहले ही दिन मुख्यमंत्री शामली व अमरोहा में भी जनसभाएं करेंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गाजियाबाद से चुनावी प्रचार अभियान शुरू करेंगे। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मेरठ से 24 अप्रैल को चुनाव प्रचार अभियान में उतरेंगे।

दो चरणों में हो रहे हैं नगरीय निकाय चुनाव

प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में 390 नगरीय निकायों में मतदान चार मई होगा। जबकि दूसरे चरण में 370 नगरीय निकायों के लिए वोट 11 मई को डाले जाएंगे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे नगरीय निकाय चुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसलिए भाजपा बड़ी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव प्रचार की शुरुआत 24 अप्रैल को कर रहे हैं। सहारनपुर में सभा करने के बाद योगी शामली में बीबी इंटर कालेज में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अमरोहा में निर्माणाधीन पुलिस लाइन में जनसभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे।

बीजेपी ने रखा है 17 नगर निगम में जीत का लक्ष्य

भाजपा ने इस बार सभी 17 नगर निगम में जीत का लक्ष्य रखा है। बड़े शहराें में भाजपा का प्रदर्शन हमेशा से अच्छा रहा है किंतु नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में भाजपा को विपक्ष से थोड़ी चुनाैती मिलती है। इसलिए इस बार हो रहे 199 नगर पालिका व 544 नगर पंचायत के चुनाव के लिए भाजपा ने बड़ी तैयारी की है। इसी के तहत पार्टी अपने सभी बड़े नेताओं को प्रचार अभियान में उतारने जा रही है।

केशव आज प्रयागराज में कल झांसी में करेंगे प्रचार

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार 23 अप्रैल को प्रयागराज व 24 अप्रैल को झांसी में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रविवार को रायबरेली में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे।

0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0