21 मई से रवाना होंगे हज यात्री,एयरपोर्ट पर पूरी तैयारी, लखनऊ से मदीना के लिए 45 उड़ानें
- chandrapratapsingh
- May 20, 2023
- 1 min read

लखनऊ, 20 मई, 2023 : चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 21 मई से हज यात्रा की उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा। सऊदी एयरलाइन लखनऊ से मदीना के लिए 45 उड़ानें संचालित करेगी। पहली उड़ान 298 यात्रियों को लेकर दोपहर 12 बजे लखनऊ से मदीना के लिए उड़ान भरेगी। इसी तरह दोपहर 3:05 बजे दूसरी उड़ान से भी 298 यात्री रवाना होंगे। हज यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ एयरपोर्ट पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
लखनऊ हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2022 की अपेक्षा इस बार लखनऊ एयरपोर्ट से हज यात्रियों की संख्या 154 प्रतिशत अधिक होगी। इस साल लगभग 11500 यात्री हज के लिए रवाना होंगे। वहीं 2022 में यह संख्या 5500 थी। वाराणसी से लगभग 2500 यात्री भी लखनऊ आकर यहां से यात्रा करेंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल एक में प्रवेश के लिए एक विशेष द्वार और हज यात्रियों की अंतिम समय की औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए एक हेल्प डेस्क आवंटित किया है। सीआइएसएफ, आप्रवासन और सीमा शुल्क अधिकारियों के समन्वय में एक अलग बैगेज स्क्रीनिंग सुविधा भी बनाई गई है। पुरुष और महिला यात्रियों के लिए अलग-अलग वजू खाना और नमाज के लिए स्थान तय किया गया है।
Comments