75 साल की उम्र में जागी शादी की ललक, विधवा के सामने रख दिया प्रस्ताव
- chandrapratapsingh
- Aug 29, 2023
- 2 min read

अमरोहा, 29 अगस्त 2023 : पत्नी की मौत के बाद 75 वर्षीय एक व्यक्ति को शादी की ऐसी ललक लगी कि वह महिला व उसके परिवार के झांसे में आ गया। मां-बेटी व दो बेटे वृद्ध को शादी का झांसा देकर साढ़े चार लाख रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने अदालत की शरण ली। इस मामले में चार लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
दो साल पहले हुई थी बुजुर्ग की पत्नी की मौत
रहरा थाना क्षेत्र के एक गांव गंगवार निवासी 75 वर्षीय वृद्ध सुबराती की पत्नी की मौत 2021 में हो गई थी। वृद्ध के कोई संतान नहीं है और वह खेतीबाड़ी करते हैं। लिहाजा उम्र के इस पड़ाव में वृद्ध ने शादी करने की सोची। 2022 में वृद्ध की जान-पहचान सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव उझारी निवासी विधवा गुड्डो से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी तो वृद्ध ने निकाह का प्रस्ताव रखा।
महिला ने भी निकाह के लिए भरी हामी
विधवा की बेटी रेशमा की शादी दिल्ली में हो चुकी है और दो बेटे सलमान व फुरकान भी हैं। विधवा ने भी निकाह की हामी भर दी। भरोसे में आकर वृद्ध ने विधवा के कहने पर उसके बेटों को एक लाख रुपये दे दिए। उसके बाद विधवा ने निकाह करने से इनकार कर दिया। धोखा मिलने पर 14 जून 2022 में वृद्ध ने विधवा के विरुद्ध हसनपुर न्यायालय में वाद दायर कर दिया।
...वो जेल चली जाएगी तो निकाह किस से करोगे?
वाद दायर होने पर खुद को फंसता देख विधवा व उसके बेटों ने वृद्ध से कहा कि जब वह जेल चली जाएगी तो निकाह किस से करोगे। लिहाजा दोनों पक्षों में फैसला हो गया और वृद्ध ने निकाह के झांसे में आकर वाद समाप्त करा दिया। इस दौरान विधवा ने पहले बेटे की शादी करने क शर्त रखी और उसके बाद खुद का निकाह। बेटे की शादी के नाम पर भी वृद्ध से दो लाख रुपये ले लिए। विधवा ने वृद्ध से कहा कि वह 15 फरवरी 2023 को अमरोहा आकर कोर्ट मैरिज व निकाह करेगी। लिहाजा 50 हजार रुपये का खर्च है।
15 फरवरी को विधवा के दोनों बेटे कचहरी के बाहर मिला और कोर्ट मैरिज के नाम पर कुछ कागजों पर वृद्ध के अंगूठे लगवाए और 50 हजार रुपये ले लिए। कुछ देर बाद फिर से जेवर व कपड़े खरीदने के नाम पर एक लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा। 22 फरवरी को चारों आरोपित वृद्ध को कचहरी के बाहर मिले और एक लाख रुपये ले लिए। कपड़े व जेवर खरीद कर दो घंटे में वापस लौट कर आने का झांसा देकर चारों फरार हो गए। वृद्ध कचहरी के बाहर बैठा रहा। काफी देर होने पर जब आरोपितों के मोबाइल पर संपर्क किया तो झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर मां-बेटी और उसके दोनों बेटों पर FIR
पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने अदालत की शरण ली थी। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र पुंडीर ने बताया कि अदालत के आदेश पर मां-बेटी व उसके दोनों बेटों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
Comments