यूपी में बढ़े 809 पोलिंग बूथ, अब 1.62 लाख पर होगा मतदान
- chandrapratapsingh
- Oct 21, 2023
- 1 min read

लखनऊ, 21 अक्टूबर 2023 : भारत निर्वाचन आयोग के अपार्टमेंट, गेटेड कालोनी व बस्तियों में पोलिंग बूथ बनाने के अभियान के तहत प्रदेश में 809 पोलिंग बूथ बढ़ गए हैं। प्रदेश में अब 1,62,012 पोलिंग बूथ हो गए हैं। यह बूथ 92 हजार से अधिक पोलिंग स्टेशन में बनाए गए हैं। पहले पोलिंग बूथ की संख्या 1,61,203 थी।
पोलिंग बूथ बनने के बाद अब आयोग 27 अक्टूबर से शुरू हो रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुट गया है। 27 अक्टूबर से नौ दिसंबर तक मतदाता बनाने के दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसमें छह विशेष तिथियों चार-पांच नवंबर, 25-26 नवंबर व दो-तीन दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे। मतदाता बनने के लिए आनलाइन वेबपोर्टल (https://voters.eci.gov.in) या फिर बीएलओ के माध्यम से सभी मतदान केंद्रों में फार्म-छह भरना होगा।
मतदाता सूची से नाम काटने के लिए फार्म-सात व मतदाता सूची में दर्ज त्रुटिपूर्ण नाम सुधारने या फिर पता बदलने के लिए फार्म-आठ भरना होगा। 26 दिसंबर तक सभी प्रकार की त्रुटियों को दूर कर लिया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी को होगा।
Comments