अखिलेश का BJP पर तंज, कहा जो खुद चुनाव जीत नहीं सके वो हमको हराने का देखने लगे सपना
- chandrapratapsingh
- Aug 29, 2022
- 2 min read

कन्नौज, 29 अगस्त 2022 : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जो खुद चुनाव नहीं जीत पाए, अब वह लोग हमको हराने का सपना देखने लगे हैं। आत्मा से हारे हुए भाजपाई उन्हें कदापि नहीं हरा सकते। झूठे वादे सिर्फ सत्ता में रहने का रास्ता बनाता है। युवाओं को रोजगार नहीं है, अपराध बढ़ते जा रहे हैं, सड़कों की हालत पूरी तरह खराब है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछले पांच साल में एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिस पर वह शिलापट लगा सकें। विकास कार्यों को रंग बदलकर नाम की पटि्टयां हटा दी हैं और अपनी पटि्टयां लगा रहे हैं भाजपाई। विकास पर बात न करने वाले पिछड़े लोगों को धोखा दे रहे हैं।
सोमवार को तिर्वां के उमर्दा में पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने बेरोजगारी, बदहाल कानून-व्यवस्था, जर्जर सड़कें व बंद पड़ी परियोजनाओं को शुरू न करने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। आगामी लोकसभा चुनाव में जनता की दम पर आइना दिखाने का काम करने की बात कही।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सैफई से लखनऊ जाते समय तिर्वा तहसील के उमर्दा में एक्सीलेंस फार वेजिटेबल प्लांट पर पहुंचे और पौधशाला के साथ अधूरी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। यहां से वह काउ मिल्क प्लांट गए और दूध की कमी और बंद पड़ी मशीन देख भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
तिर्वा स्थित होटल में प्रेसवार्ता में उन्होंने उपमुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि खुद जीत नहीं सके और हमको हराने का सपना देखने लगे हैं। वह सिर्फ पिछड़ों को धोखा दे रहे हैं। प्रदेश सरकार विकास पर बात नहीं करना चाह रही है। ट्विन टावर पर सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई भी नहीं पढ़ी और दूसरों पर आरोप लगाने लगे।
इत्र पार्क, विशिष्ट मंडी समेत कन्नौज में कई परियोजनाएं बंद पड़ी हैं, जिनको बजट नहीं दिया जा रहा है। तिर्वा स्थित किसान बाजार चालू न होने पर किसानों के साथ अन्याय बताया। आगामी चुनाव में जनता के दम पर आइना दिखाया जाएगा। इसके बाद एक्सप्रेसवे से लखनऊ रवाना हो गए।
Comments