google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

अखिलेश ने शुरू किया सदस्यता अभियान, बोले- आजमगढ़-रामपुर में बटा पैसा और शराब


लखनऊ, 5 जुलाई 2022 : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ में पार्टी का सदस्यता अभियान प्रारंभ किया। समाजवादी पार्टी के राज्य कार्यालय में अभियान की शुरुआत करने के दौरान ही उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद प्रदेश तथा जिलों में संगठन के निर्माण का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव ने इस दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार के कामकाज पर जमकर हमला भी बोला।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस सदस्यता अभियान के बाद प्रदेश तथा जिलों में संगठन निर्माण का काम होगा। उन्होंने कहा कि हम तो गली-गली तथा गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाएंगे। हम तो समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में बेहद मजबूत करेंगे। अखिलेश यादव ने इस दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार की सौ दिन की उपलब्धि को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि सौ दिन में सरकार सौ कदम भी नहीं चली और दावा दस हजार कदम का किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सौ दिनों में दारोगा भर्ती में जमकर धांधली की गई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने चिकित्सकों के तबादलों के मामले में अपने ही विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम की कोई अधिकारी नहीं सुनता। डिप्टी सीएम पाठक तो प्रदेश के दौरे पर थे, लौटकर आए तो पता चला कि सैकड़ों का ट्रांसफर हो चूका है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में अंधेर मची है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और दारोगा भर्ती में बहुत बड़े पैमाने पर धांधली हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार को पीछे से कोई चला रहा है। अखिलेश यादव ने रोजगार को लेकर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।

सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार तो रामपुर और आजमगढ़ उप चुनाव में जीत को लेकर बहुत खुश है, लेकिन वहां पर तो इन्होंने जमकर बेइमानी की है। हमारे वोट काटे गए, धांधली करवाई गई है। रामपुर तथा आजमगढ़ में लोगों को उनके अधिकार से वंचित किया गया। दोनों जगह पर लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया। दोनों जगह लोगों में जमकर पैसा बांटा गया। शराब से भरे ट्रक भेजे गए और दोनों जगह पर जमकर शराब बंटी। अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकार के समय के काम को सरकार आज भी भुना रही है। दोनों बार शपथ ग्रहण के लिए सरकार ने इकाना स्टेडियम को ही चुना। इसके साथ ही लूलू मॉल भी हमारी देन है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि प्रदेश में जातीय जनगणना होनी चाहिए।

0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0