google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

अखिलेश यादव ने BJP को घेरा, बोले- भाजपा सरकार ने प्रदेश में बर्बाद की बिजली व्यवस्था

chandrapratapsingh

लखनऊ, 15 जून 2023 : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था बर्बाद कर दी है। बिजली की उपलब्धता सिर्फ कागजों पर है। 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाली भाजपा सरकार में अघोषित बिजली कटौती के चलते जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।

सपा मुखिया ने कहा कि बिजली का महंगा बिल भरने के बाद भी लोग गर्मी में उबल रहे हैं। प्रदेश में प्रचंड गर्मी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। लोगों की परेशानियों से बेखबर भाजपा नेता टिफिन खाने का नाटक कर रहे हैं। इस वर्ष भीषण गर्मी पड़ेगी यह पता होने के बावजूद भाजपा सरकार को तैयारी नहीं की। भाजपा सरकार छह वर्ष से सत्ता में है किंतु बिजली संकट से उबारने के लिए कुछ नहीं किया।

अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 24 घंटे की जगह हफ्ते में 24 घंटे बिजली आ रही है। रोजाना ट्रांसफारमर फुंक रहे हैं। राजधानी लखनऊ तक में बिजली अक्सर चली जाती है। गर्मी, लू और महंगे बिजली बिल के थपेड़े झेल रही जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करके ही अब 2024 के चुनाव में जोर का झटका देगी।

सपा की रेड पावर भाजपा के लिए रेड जोन- अखिलेश

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में अपनी ज्यादातर लोकसभा सीटें 'रेड जोन' में बता रही है और सपा की 'रेड पावर' उसके लिए 'रेड जोन' है। सपा मुखिया ने ट्वीट किया ... 'अब भाजपा कह रही है कि उत्तर प्रदेश में उसकी अधिकांश लोकसभा सीट 'रेड जोन' में हैं तो इसका अर्थ यह है कि जनता की पक्षधर समाजवादी पार्टी का लाल रंग, अपना रंग दिखा रहा है। सपा की 'रेड पावर' ही भाजपा के लिए 'रेड जोन' है।'

0 views0 comments

Comments


bottom of page