google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

जेल में बंद सोलंकी से मिले अखिलेश बोले- भागते नहीं तो बलवंत और विकास जैसा होता हाल


कानपुर, 19 दिसम्बर 2022 : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जिला जेल में विधायक इरफान सोलंकी से मिलने के बाद कहा कि बांग्लादेशी कनेक्शन की बात बकवास है। फर्जी आधार कार्ड पुलिस ने बनवाया है। अगर वह नहीं भागते तो बलवंत सिंह और विकास दुबे की तरह पुलिस उनके साथ कुछ भी कर सकती थी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आंदोलन के लिए तैयार रहें। व्यापारियों को भी आगाह किया कि निकाय चुनाव की वजह से जीएसटी छापेमारी रुकी है। जिला जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आज मैं बलवंत सिंह के परिवार से मिलने गया। आज के समय में ऐसी सरकारें भी हैं जिन्होंने अंग्रेजों को पीछे छोड़ दिया।

तीन बार सपा सरकार रही तब सपा विधायक इरफान सोलंकी ने कुछ गलत नहीं किया। अब उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। एक के बाद दूसरे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। बड़ी जिम्मेदारी से कहना चाहता हूं कि यह भाजपा की साजिश है। सपा के कार्यकर्ता-विधायक को झूठे मुकदमों में फंसाकर महंगाई-बेरोजगारी से त्रस्त जनता की लड़ाई को कमजोर करना चाहती है।

कन्नौज में जो हत्या हुई वह अधिकारियों ने कराई है। उसमें बीजेपी का विधायक शामिल है। इरफान की सीडीआर निकाली तो कन्नौज के विधायक को क्यों छोड़ दिया। बीजेपी के लोग कोई भी कानून तोड़ सकते हैं। इरफान के खिलाफ षड़यंत्र है। अधिकारी नहीं भूले कि वक्त बदलता है अगर गलत करेंगे तो कानून उनके लिए भी है।

अखिलेश में उठाए यह सवाल

पुलिस से इरफान सोलंकी की फरारी पर कहा कि अभी बलवंत का मामला आपने नहीं देखा। यहीं पर विकास दुबे की गाड़ी पलटाई। खुशी दुबे आज जेल में क्यों बंद है। सब पुलिस का फर्जीवाड़ा है। व्यापारियों को चेताया उन्होंने व्यापारियों को भविष्य के लिए आगाह करते हुए कहा कि चैन की वंशी न बजाए। नगर निगम के चुनाव है तो छापेमारी रोकी गई है। चुनाव के बाद चुन-चुनकर छापे पड़ेंगे। यह नए तरीके के भ्रष्टाचार का रास्ता भाजपा ने निकाला है।

पुलिस में क्यों नहीं बनाते अग्निवीर

उन्होंने कहा कि अगर सरकार का अग्निवीर नियम ठीक है तो पुलिस की भर्ती में इसे क्यों नहीं लागू करते। चार साल पुलिस की नौकरी करने के बाद जाकर खेती करें।फर्रुखाबाद में अग्निवीर भर्ती में एक लाख 26 हजार ने आवेदन किया। 200 को भी नौकरी नहीं मिली। निवेश पर भी सरकार को घेरा योगी सरकार को निवेश के लिए घेरते हुए कहा कि यह लोग निवेश लाने गए। बिजली-पानी की सुविधा नहीं, झूठे मुकदमे में लोगों को फंसा रहे हैं यहां निवेश आएगा? प्रयागराज में छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि जो अपने हक मांगेगा उसके साथ सरकार ऐसा ही करती आ रही है।

विनय पाठक मामले में योगी पर साधा निशाना

सपा सुप्रीमो ने सीएसए के कुलपति विनय पाठक के मामले में कहा कि वह मुख्यमंत्री के करीबी हैं इसलिए उनको बचाया जा रहा है। वह जेल नहीं जाएंगे। भाजपा में भी उनको लेकर दो गुट बने हैं । एक बचा रहा है दूसरा कार्रवाई चाहता है। उन्हें वीसी बनाने के लिए भाजपा के बड़े नेता ने मेरी सरकार में सिफारिश की थी।

लखनऊ के एक होटल में आग लगी लोगों की जान गई मुख्यमंत्री ने कहा कि होटल पर बुलडोजर चलाया जाएगा लेकिन कार्रवाई क्यों नहीं हुई। वहीं डेंगू जहां भाजपा का मेयर स्थानीय निकायों में अव्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डेंगू वहीं पर हैं जहां भाजपा के मेयर व नगर पालिका अध्यक्ष हैं। कानपुर को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाया था। आज मैं आ रहा था तो देखा कि पेड़ों की पत्तियों तक पर धूल जमा है। स्मार्ट सिटी का सपना धूल में लोट रहा है। गंगा की सफाई नहीं हुई।

मकान को आग लगाने के आरोप में हैं बंद

समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से जिला जेल में बंद हैं। उन पर एक महिला के प्लाट पर जबरन कब्जा करने की कोशिश में मकान को आग के हवाले करने का गंभीर आरोप है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विरोध में नवाबगंज थाना क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवांग मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने सभी भाजपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया। अखिलेश यादव का काफिला रोकने की योजना थी।

2 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0