google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
chandrapratapsingh

विधानसभा में बजट पर चर्चा तो परिषद से किसानों के मुद्दे पर सपा का बहिर्गमन


लखनऊ, 28 मई 2022 : उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र में शनिवार को भी कार्यवाही जारी रही। विधान भवन में इस दौरान विधानभा में तो वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट पर चर्चा होने के साथ तीन विधेयक भी पारित हो गए, लेकिन विधान परिषद में समाजवादी पार्टी ने किसानों के मुद्दे पर बहिर्गमन किया।

विधानमंडल में विधानसभा की कार्यवाही के दौरान वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट पर सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष के सदस्यों ने भी चर्चा की। इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक 2022, उत्तर प्रदेश निजी विद्यालय (द्वितीय संशोधन) विधेयक 2022 और उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास (संशोधन) विधेयक 2022 को भी पारित कराया गया। यह तीनों प्रतिस्थानी विधेयक हैं जिनसे संबंधित अध्यादेश सरकार विधानमंडल सत्र से पहले ला चुकी है।

विधान परिषद कार्यवाही के दौरान समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने किसानों के मुद्दे पर विधान परिषद से बहिर्गमन किया। विधान परिषद में बजट सत्र के छठे दिन शनिवार को समाजवादी पार्टी ने किसानों की दुर्दशा का मुद्दा उठाया। इसके बाद सत्ता पक्ष की ओर से दिए गए जवाब से असंतुष्ट समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। विधान परिषद में कांग्रेस के दीपक सिंह ने कोरोना काल में ध्वस्त स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाया। कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने कोरोना काल के दौरान ध्वस्त स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरा।

योगी आदित्यनाथ सरकार ने 26 मई को वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट जारी किया। आज इस बजट पर चर्चा चल रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार शाम को बजट के आंकड़े निकलवाने का काम किया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को अखिलेश यादव की मौजूदगी में विधायकों की बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी के नए विधायकों इस बात की जानकारी दी गई कि बजट में सरकार को किस तरह से घेरना है। करीब दो घंटे चली इस बैठक में विधायकों को बताया गया कि उन्हें बजट के किन-किन बिंदुओं पर सरकार को घेरना है। नए विधायकों को यह भी बताया गया कि सदन में किस तरह से मर्यादा में रहकर अपनी बात रखनी है। बैठक में तय हुआ कि भाजपा के संकल्प पत्र के उन बिंदुओं को उठाया जाए जिन्हें सरकार ने बजट में शामिल नहीं किया है। इसके अलावा किसानों की आय दोगुनी न होने, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था एवं महंगाई के मुद्दे पर सपा सदन में सरकार को घेरेगी।

विधान मंडल सत्र के कारण उत्तर प्रदेश सचिवालय के सभी विभाग व कार्यालय शनिवार को खुले । विधान मंडल के सत्र के कारण शनिवार को होने वाली छुट्टी को रद कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव, सचिवालय प्रशासन हेमंत राव ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। सचिवालय में पांच कार्य दिवस कामकाज होता है। शनिवार व रविवार को अवकाश रहता है। मगर विधान मंडल का सत्र चलने के कारण छुट्टी नहीं होगी।

3 views0 comments

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0