google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

भाजपा ने हारी हुए सीटों पर निशाना साधा


लखनऊ, 23 सितंबर 2023 : पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में हारी हुईं सीटें जीतने के लिए भाजपा बूथ सशक्तीकरण अभियान को गति देने के साथ अधिक से अधिक लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेगी। हस्तशिल्पियों और पारंपरिक कौशल से जुड़े कारीगरों पर पार्टी प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना के जरिये डोरे डालेगी तो आयुष्मान कार्ड बनवाने के बहाने गरीबों, वंचितों का हाथ थामेगी।

आधी आबादी में पैठ बनाने के लिए पार्टी लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण की डुगडुगी भी जोरशोर से पीटेगी। हारी हुईं 14 में से पांच सीटों रायबरेली, श्रावस्ती, अंबेडकरनगर, लालगंज और मैनपुरी को अगले लोकसभा चुनाव में जीतने के उद्देश्य से शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने लोकसभा प्रवास योजना के अंतर्गत सीतापुर रोड स्थित एक रिसार्ट में बैठक कर पार्टी पदाधिकारियों को यह मंत्र दिया।

बैठक में इन सीटों पर लोकसभा प्रवास योजना के तहत अब तक किये गए कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। बंसल ने कहा कि हारी हुईं लोकसभा सीटें जीतने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करते हुए और बूथ स्तर पर विजय की रणनीति बनाकर काम करना होगा।

बूथ स्तर पर युवा, किसान, महिलाओं तथा लाभार्थियों से संपर्क व संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं और नीतियों को आम जन तक पहुंचाने पर पार्टी का जोर होना चाहिए। प्रत्येक विधानसभा में अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करना होगा।


1 view0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0