google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

बीजेपी एक साथ निकालेगी यूपी में छह यात्राएं - जानिए क्या है रणनीति ?



जनता के बीच यात्राओं का क्या महत्व होता है इसे बीजेपी से बेहतर कोई नहीं जानता। एक रथयात्रा लेकर जब लालकृष्ण आडवाणी सोमनाथ से निकले तो भारतीय राजनीति का चक्र बदलता चला गया।


अब वो समय है जब बीजेपी सत्ता में आने की नहीं सत्ता में बने रहने की जंग लड़ रही है। चुनाव उत्तर प्रदेश में होने हैं इसलिए भारतीय जनता का पार्टी का नेतृत्व हर स्तर पर सतर्क है और पूरा फोकस 2022 पर है।

भारतीय जनता पार्टी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राज्य स्तर पर छह यात्राएं लेकर यूपी की जनता के बीच जाएगी। इसमें भी प्रदेश के विकास कार्य के साथ उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को शीर्ष वरीयता पर रखकर लोगों को सरकार के कार्य से अवगत कराया जाएगा। लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ तथा पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की मौजूदगी में भाजपा कार्यालय में चुनाव संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रदेश की 26 करोड़ की आबादी तक पहुंचने के लिए छह क्षेत्रों से यात्रा निकालने पर सहमति बनी।


बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव संचालन समिति की बैठक का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा विपक्ष की खामियों को लेकर जनता के बीच गई थी। आज तो पार्टी के पास पांच वर्ष की उपलब्धियां हैं। इस बार भी संगठन ने विस्तृत रूपरेखा बनाई है। इसमें तय किया गया है कि प्रदेश के छह क्षेत्रों से छह विकास यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं से हमले 25 करोड़ की आबादी तक निश्चित समय में पहुंचना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन यात्राओं का समापन लखनऊ में होगा। यह कार्यक्रम काफी वृहद रूप से किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने कहा 2017 के पहले तक उत्तर प्रदेश केन्द्र सरकार की अधिकांश सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में 25-26वें स्थान पर रहता था। आज यह स्थितियां बदल गई हैं। अब केन्द्र सरकार की लगभग 50 ऐसी योजनाएं हैं जिसमें उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।



प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि छह यात्राएं प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए जाएंगी। हम अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं के दम, केंद्र की मोदी व राज्य की योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों के कारण प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से दोबारा 300+ सीटों के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने यात्रा की योजना व अन्य तैयारियों में लगे कार्यकर्ताओं को पूर्ण मनोयोग से जुटने का आग्रह किया।


इस मौके पर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, कानून मंत्री बृजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद थे।


भारतीय जनता पार्टी में अन्य दलों से नेताओं के आने का क्रम भी जारी है। बीजेपी ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई की अगुवाई में आज सपा, बसपा और कांग्रेस के कई नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा।


टीम स्टेट टुडे

bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0