google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

बुंदेलखंड को शीघ्र मिलेंगे 2 नए लिंक एक्सप्रेस-वे, cm ने की परियोजनाओं की समीक्षा


लखनऊ, 19 जून 2023 : बुंदेलखंड को जल्द ही दो नए लिंक एक्सप्रेस-वे का तोहफा मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड की जीवन रेखा बन चुके बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे को झांसी और चित्रकूट से जोड़े जाने को आवश्यक बताते हुए कहा कि यह दोनों नए लिंक एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड के विकास को गति देंगे। रविवार को एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं, औद्योगिक कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे और झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए बजट की व्यवस्था की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक अध्ययन के अनुसार, चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे लगभग 20 किमी का होगा, जबकि झांसी लिंक एक्सप्रेस वे 125-135 किमी के लगभग होगा। उन्होंने दोनों नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर भूमि क्रय की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता और परियोजना की समय सीमा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

तेजी से हो रहा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत में, नए उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस प्रदेश के रूप में नई पहचान मिल रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस वर्ष वन महोत्सव के अवसर पर सभी एक्सप्रेस-वे के दोनों किनारों पर पौधे लगाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर औद्योगिक क्लस्टर के विकास की प्रक्रिया तेज की जाए। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि गोरखपुर, संतकबीर नगर, आजमगढ़ और आंबेडकर नगर के लिए यह शानदार कनेक्टिविटी का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को रक्षा उत्पादन का हब बनाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कारिडोर में देश-दुनिया की बड़ी रक्षा उत्पाद निर्माता कंपनियां निवेश कर रही हैं। अब तक 21 हजार करोड़ से अधिक का निवेश डिफेंस कारिडोर में हो चुका है। लखनऊ नोड में ब्रम्होस एयरोस्पेस, एरोलाय टेक्नोलाजी, झांसी नोड में भारत डायनेमिक्स लिमिटेड, कानपुर नोड में अडानी डिफेंस सिस्टम, अलीगढ़ में एमिटेक इलेक्ट्रानिक्स और एंकर रिसर्च लिमिटेड जैसी बड़ी कंपनियां अपनी इकाई लगा रही हैं।

गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए तय की दिसंबर 2024 की समय सीमा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे को हर हाल में दिसंबर 2024 तक आम जनता के लिए उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखें, ताकि प्रयागराज कुंभ 2025 में देश-दुनिया के श्रद्धालु गंगा एक्सप्रेस-वे पर यात्रा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर के लिए स्थान भी चिह्नित कर लिया जाए।

0 views0 comments
bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0