google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
chandrapratapsingh

उपचुनाव में प्रचार के अंतिम दौर में पूरा दमखम झोंकेगी भाजपा


लखनऊ, 29 नवंबर 2022 : मैनपुरी लोकसभा तथा रामपुर व खतौली विधानसभा सीटों को अपनी झोली में डालने के लिए भाजपा प्रचार के आखिरी चार दिनों में पूरा दम लगाने जा रही है। तीनों सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को धार देने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा राज्य व केंद्र सरकार के मंत्री तो भूमिका निभाएंगे ही, संगठन भी जीत के लिए भाजपा की जमीन पुख्ता करने में जी-जान से जुट गया है।

सपा के गढ़ मैनपुरी और रामपुर में घेरने के साथ खतौली में जीत की बिसात बिछाने के लिए भाजपा आखिरी दौर में आक्रामक प्रचार शैली के साथ घर-घर संपर्क के जरिये एक-एक वोट सहेजने की रणनीति को अमल में लाएगी। मैनपुरी में बाजी पलटने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिसंबर को यहां दूसरी जनसभा करेंगे। सोमवार को वह मैनपुरी के करहल क्षेत्र में जनसभा कर चुके हैं।

मैनपुरी सीट पर शाक्य मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए बुधवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वहां में होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी भी अगले दो दिनों के दौरान मैनपुरी में रहकर पार्टी के मंडल अध्यक्षों को उत्साहित और ऊर्जीकृत करेंगे।

गृह जिला होने के नाते पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह वहां डटे हुए हैं तो उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप, मत्स्य विकास मंत्री संजय निषाद ने भी वहां डेरा डाल रखा है। भाजपा के ब्रज क्षेत्र के प्रभारी अश्विनी त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह व दिनेश चंद्र शर्मा और प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी भी मैनपुरी में पार्टी की जीत के लिए मशक्कत कर रहे हैं।

रामपुर सीट पर सपा के दिग्गज नेता आजम खां का वर्चस्व समाप्त करने के लिए भाजपा अंतिम दौर में यहां पूरा दमखम लगाएगी। रामपुर के सपाई किले को ढहाने के लिए योगी वहां दो दिसंबर को जनसभा कर आजम के गढ़ में हुंकार भरेंगे। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह बुधवार को रामपुर में जनसभाएं कर जनसमर्थन जुटाएंगे।

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह भी रामपुर के लोध मतदाताओं को रिझाने के लिए वहां पहुंच चुके हैं। गृह जिले में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख भी पसीना बहा रहे हैं तो पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के भी प्रचार के आखिरी दिन रामपुर पहुंचेंगे।

मुजफ्फरनगर की खतौली सीट पर फिर भाजपा की विजय पताका फहराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बुधवार को वहां जनसभा करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भी दो दिसंबर को खतौली पहुंचकर पार्टी की व्यूह रचना को अंतिम रूप देंगे। क्षेत्र के गुर्जर मतदाताओं को साधने के उद्देश्य से ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर और भाजपा एमएलसी वीरेन्द्र सिंह यहां मोर्चे पर डटे हुए हैं।

इस सीट पर सैनी बिरादरी के मतदाताओं की बड़ी संख्या को देखते हुए औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सैनी भी यहां जनसंपर्क कर रहे हैं। स्थानीय होने के नाते व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और और एमएलसी वंदना वर्मा भी पार्टी के लिए जनसमर्थन जुटाने में लगे हैं। जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक भी पार्टी की संभावनाओं को खाद-पानी देने में जुटे हैं।

2 views0 comments

Kommentarer


bottom of page