google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page
Writer's picturestatetodaytv

देश को लूटना ही इंडी गठबंधन का उद्देश्य, ये देश में लागू करना चाहते हैं तालिबानी शासन : Cm Yogi Adityanath




ओडिशा में भी माफिया तत्वों पर बुलडोजर चलाने की जरूरत : योगी आदित्यनाथ


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने गुरुवार को ओडिशा में चुनावी रैलियों को किया संबोधित


पुरी और केंद्रपाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की


सीएम योगी ने चिल्का, केंद्रपाड़ा, महांगा, सलीपुर, राजनगर, ओल, महाकालपद, पटकुरा विधानसभा सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी के लिए भी मांगा वोट


आरोपः नौकरशाहों से घिरी है ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार


ओडिशा में लैंड-सैंड, कैटल और फॉरेस्ट माफिया पर चलेगा यूपी जैसा बुलडोजरः योगी


बोले-प्रशासनिक तंत्र शासन को चलाने लगता है कि बढ़ती है अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और तानाशाही


मोदी जी राशन भेजते हैं और पटनायक सरकार उस पर अपना नाम चस्पा कर लेती हैः योगी


ओडिशा (पुरी और केंद्रपाड़ा), 23 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ओडिशा में दो लोकसभा सीटों के लिए जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने ओडिशा के पुरी और केंद्रपाड़ा लोकसभा के साथ विधानसभा की कई सीटों के लिए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। सीएम योगी ने जनसभा में प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी बीजद समेत प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस व इंडी गठबंधन पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सम्मान, सुरक्षा, विकास, गरीब कल्याण और विरासत का संरक्षण हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनाकर गुलामी के ढांचे को हटा दिया है तो वहीं नवीन पटनायक सरकार के संरक्षण में भगवान जगन्नाथ पुरी के मुख्य खजाने की चाबी ही गुम हो गई। यह लोग भगवान के खजाने में डकैती डाल रहे हैं। मां भगवती के श्रीचरणों में प्रार्थना करता हूं कि हमें इतनी ताकत मिले कि डबल इंजन सरकार लाकर ओडिशा में लैंड माफिया, सैंड माफिया, कैटल माफिया और फॉरेस्ट माफिया पर यूपी जैसा बुलडोजर चला सकें।


यह मोदी का भारत है, छेड़ता नहीं, मगर कोई छेड़े तो छोड़ता भी नहीं है


सीएम योगी ने पुरी लोकसभा क्षेत्र की जनसभा में कहा कि जब सरकार भाजपा की बनती है और नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिलता है तो देश में परिवर्तन आता है। आतंकवाद-नक्सलवाद नियंत्रित हुआ है। यह मोदी का नया भारत है, किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वाले छोड़ता भी नहीं है। यहां विकास तेजी से हो रहा है। आज टू-लेन, फोरलेन हाईवे बन रहे हैं। वंदे भारत, नमो भारत, अमृत भारत के रूप में बुलेट स्पीड से चलने वाली विश्वस्तरीय ट्रेन की सुविधा दी जा रही है। देश में 80 करोड़ लोगों को चार वर्ष से फ्री राशन मिल रहा है और अगले पांच वर्ष तक मिलेगा, लेकिन ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार फ्री राशन की सुविधा को भी अपने नाम से भुनाने का कार्य करती है। नवीन पटनायक सरकार आयुष्मान भारत की सुविधा लागू नहीं होने देना चाहती है। मोदी सरकार में सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ विकास योजनाएं लागू हो रही हैं, लेकिन आज भी देश में ऐसे कुछ लोग हैं, जो रहते-खाते भारत का हैं और गाते पाकिस्तान का हैं। वे पाकिस्तान का राग अलापते हुए भारत के दुश्मनों का महिमा मंडन करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि ऐसे लोग भारत पर बोझ न बनें, वे पाकिस्तान ही चले जाएं, जहां 23 करोड़ की आबादी एक किलो आटा, गेहूं के लिए तड़प रही है।



तंजः बीजद लड़ रही 21 सीट पर और सपना देख रही सरकार बनाने का


सीएम योगी ने कहा कि अब तक 12 राज्यों में दौरा कर चुका हूं, हर जगह से यही आवाज आ रही है कि फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार-400 पार। वे यहां की 21 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए यह नारा सुनते ही बीजू जनता दल के नेताओं को चक्कर आने लगता है। यह लोग केंद्र में सरकार नहीं बना पाएंगे। इन्हें जिताकर कोई फायदा नहीं, इसलिए जनता ही बीजद को जवाब देती है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। पूरे देश में जश्न है, क्योंकि पांच सदी के बाद प्रभु राम ने अपना जन्मदिन अयोध्या में मनाया और होली भी खेली। नया भारत विरासत और विकास की यात्रा लेकर चल रहा है। सीएम ने आरोप लगाया कि बीजू जनता दल नौकरशाहों से घिरी सरकार है। जब नौकरशाही सरकार को घेरती है तो वह तानाशाही को जन्म देती है। जनता से उसका कोई वास्ता नहीं होता है। वहां भ्रष्टाचार पनपता है, गरीब के हक पर डकैती पड़ती है। लैंड और सैंड माफिया के आगे प्रशासनिक तंत्र विफल हो जाता है। किसी नौकरशाह को इतनी स्वतंत्रता नहीं देना चाहिए कि वह सत्ता का संचालन करने लग जाए। सत्ता का संचालन संसदीय लोकतंत्र में जनता की ओर से चुने गए जनप्रतिनिधि के ही माध्यम से होना चाहिए। यही सही लोकतंत्र का प्रतीक है। एक ओर यहां की सरकार उड़िया परंपरा व संस्कृति का मखौल उड़ा रही है, वहीं दूसरी ओर इंडी गठबंधन देश में जनविरोधी कार्य कर रही है।


कोलकाता हाईकोर्ट का जताया आभार


सीएम ने कोलकाता हाईकोर्ट का आभार जताया। बोले कि तृणमूल सरकार ने 2010 से लगातार मुस्लिमों को ओबीसी जाति में जबरन शामिल कर ओबीसी आरक्षण में घुसपैठ करने का षडयंत्र किया था। कोलकाता हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के सभी फैसले को पलट दिया और कहा कि भारत के अंदर धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं हो सकता। इस पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का मंतव्य ही आखिरी है। हमें संविधान की भावना का पालन करना चाहिए। धार्मिक आधार पर आरक्षण संविधान की मूल भावना के विपरीत है। भारतीय मूल के पिछड़ी, अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों को ही आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए।



नवीन पटनायक ने ओडिशा के लोगों को विकास की पटरी से 50 साल पीछे भेजा


सीएम योगी ने केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यहां जो पावर जनरेट होती है, वह ओडिशा को महंगे दाम पर, लेकिन दूसरे राज्यों को सस्ते दाम पर दी जाती है, क्योंकि नवीन बाबू नौकरशाही के चक्कर में पड़ गए हैं। यह लोग उन्हें गुमराह करते हैं। यहां के लोगों ने इतना लंबा समय नवीन पटनायक को दिया है, फिर भी ओडिशा विकास नहीं कर पाया। 2017 से पहले यूपी भी माफिया के शिकंजे में था, कहीं लैंड-सैंड, माइनिंग माफिया थे। आज यूपी में सभी माफिया को उल्टा लटका दिया गया है। उसकी संपत्ति को सरकार के कब्जे में लेकर गरीबों के आवास बना दिया गया है। बहन-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को माफिया पर बुलडोजर का इस्तेमाल कर उसे जहन्नुम में पहुंचा दिया है। उन्हाेंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में यदि प्रशासनिक तंत्र शासन को चलाने लगता है तो अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, तानाशाही बढ़ती है। गरीबों का शोषण होता है और माफियाराज पनपता है। 20-25 वर्षों में प्रशासनिक तंत्र ने सरकार को घेरे में लेकर ओडिशा के लोगों को विकास की पटरी से 50 साल पीछे भेज दिया है। जनता के पास अवसर है, जैसे डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश में कार्य कर रही है, वैसे ही ओडिशा में लाने के लिए भाजपा के सुयोग्य लोगों को जिताकर विधानसभा व लोकसभा में भेजें।

 


- सीएम योगी ने बिहार के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में चुनावी जनसभा को किया संबोधित


- बोले, देश में पर्सनल लॉ के जरिए तालिबानी शासन लागू करना चाहता है इंडी गठबंधन


- बोले योगी, माफिया और आतंकियों का इलाज केवल बुलडोजर है


- कहा, कांग्रेस जजिया कर लगाकर करना चाहती है आपकी आधी संपत्ति पर कब्जा


- बोले योगी, मुसलमानों को गोमांस खाने की स्वतंत्रता देना चाहता है इंडी गठबंधन



लखनऊ, 23 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार में धुआंधार प्रचार करते हुए 2 लोकसभा सीटों के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के पश्चिमी और पूर्वी लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से वोट की अपील की। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल का उद्देश्य मिलकर लड़ना और जीतकर लूटना है। सीएम योगी ने जनसभा में मौजूद बुलडोजर को देखते हुए कहा कि यहां आने से पहले जो बुलडोजर यहां मंगाया गया है, यही माफिया और आतंकवादियों का सबसे अच्छा उपचार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) देश में पर्सनल लॉ के जरिए तालिबानी शासन लागू करना चाहते हैं। ऐसे तालिबानी शासन में बेटियां पढ़ने नहीं जा पाएंगी, महिलाएं बाजार नहीं जा पाएंगी और बुर्के में कैद हो जाएंगी, जिसे कोई भी हिन्दुस्तानी बर्दाश्त नहीं कर सकता है।



अयोध्या में भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक हो रहा है


सीएम योगी ने पश्चिमी चंपारण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार में आतंकवाद और नक्सलवाद का सफाया हो चुका है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम विराजमान हो गये हैं। इस एक बात से ही बिहारवासी इतने मगन हैं, क्योंकि बिहार माता जानकी का मायका है। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक हो रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की साधना स्थली भले ही यहां पर है, मगर उनके नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण अयोध्या में हुआ है। वहां जितने भी विश्रामालय हैं वो निषादराज के नाम पर हैं। नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था माता शबरी के नाम पर हो रही है। भाजपा और एनडीए देश का सम्मान बढ़ा रही है, सुरक्षा को मजबूत बना रही है। वहीं कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन का उद्देश्य है मिलकर लड़ना और जीतकर लूटना है। बिहार को जिस अराजकता से जेडीयू और बीजेपी ने उबारा है उसे फिर से नहीं लाना है। बिहार में लालू जी कहते हैं कि ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे देना चाहिए। यही बात कांग्रेस का मेनिफेस्टो भी कहता है कि अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से काटकर मुसलमानों को देना है। प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से उबारा है। वहीं राहुल कह रहे हैं कि एक झटके में वह सबको गरीबी से उबार देंगे। उसके लिए वह हर एक की व्यक्ति की संपत्ति का सर्वे कराएंगे और उसपर विरासत टैक्स लगाएंगे। पूर्वजों की संपत्ति में से आधी संपत्ति लेकर उसे पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आए घुसपैठियों को बांटेंगे। सीएम योगी ने कहा कि विरासत टैक्स के बाद आपके घर के एक कमरे में जबरदस्ती किसी मुसलमान को दे दिया जाएगा। कांग्रेस का ये विरासत टैक्स जजिया कर है। हमें जजिया कर नहीं चाहिए। हमें देश की आवाज के साथ एक जुट होकर प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार भी देश की बागडोर को सौंपना है।


कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन बिहार के लिए अशुभ


सीएम योगी ने पूर्वी चंपारण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी राम विरोधी और भारत विरोधी हैं। इनके कारनामे गरीब विरोधी हैं। ये जनता, बेटी और व्यापारी की सुरक्षा के विरोधी हैं। उन्होंने बिहार में बीजेपी और जेडीयू की सरकार और केंद्र में एनडीए सरकार आने के बाद देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और गरीब कल्याकारी योजनाओं की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस और आरजेडी का गठबंधन बिहार के लिए अशुभ है। इनके राज में गुंडागर्दी, लूटपाट और उपद्रव होते हैं। बिहार बदनाम हो चुका था, भूख से गरीब तड़पता था, किसान आत्महत्या और नौजवान पलायन के लिए मजबूर होता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस और आरजेडी के समय में आतंकी वारदात होती थी। आज मोदी जी के नेतृत्व में आतंकियों का सफाया हो गया है। ये नया भारत है ये किसी को छेड़ता नहीं है, मगर कोई छेड़ेगा तो छोड़ता भी नहीं है। यही कारण है कि आज पाकिस्तान अपने को बचाव की मुद्रा में रखता है। सीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन अपने मेनिफेस्टो में मुस्लिमों को खान-पान की स्वतंत्रता देने की बात करता है। इसका मतलब है कि ये मुसलमानों को गोमांस खाने की छूट देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब मुसलमान गोमांस खाता है तो हिन्दू उग्र होकर कहता है कि जनम जनम का नाता है गाय हमारी माता है। इसे हम स्वीकार नहीं करेंगे।

128 views0 comments

Comments


bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0