google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0
top of page

एक माफिया...जिसकी पैंट गीली हो गई - Cm Yogi Adityanath ने खोला भेद



एक्सीडेंटल हिंदुओं ने तो राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे: योगी


यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जम्मू में गरजे

योगी आदित्यनाथ ने कठुआ जिले में केंद्रीय मंत्री व उधमपुर से भाजपा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह के पक्ष में की जनसभा

बोले- कटोरा लेकर दुनिया में भीख मांग रहा है पाकिस्तान

जिन्हें नाराज होना है, हो जाएं, मैं वोटबैंक के लिए अयोध्या जाना नहीं छोड़ सकताः सीएम

यूपी में कोई बहुत बकबक करता है तो नीचे से मिर्च का झोंका लगा देते हैंः योगी

बोले- दिल्ली का लाल किला हो या जम्मू का लाल चौक, चारों ओर उत्साह है


कठुआ, 10 अप्रैलः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव-2024 के लिए प्रचार करने पहली बार योगी आदित्यनाथ जम्मू पहुंचे। बुधवार को योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री, उधमपुर से सांसद व भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह के पक्ष में कठुआ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने यहां मोदी सरकार के कार्यों का जिक्र किया तो विपक्षी पार्टियों को खूब खरी खोटी सुनाई। सीएम ने जम्मू वासियों को वासंतिक नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्हें जम्मू की धरती को आराध्य देवों, ऋषि मुनियों की साधना स्थली, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए बलिदान करने वालों की भूमि बताया।


एक्सीडेंटल हिंदुओं ने तो राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे


सीएम ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर का निर्माण नहीं कर पाती। कांग्रेस ने कहा था कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। इन लोगों ने राम-कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर हमारे आराध्य देवों को नकारने का प्रयास किया। एक्सीडेंटल हिंदुओं ने राम-कृष्ण पर भी सवाल खड़े कर दिए थे, लेकिन आज अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण भी हो गया। आप आइए, अयोध्या में लगेगा कि साक्षात त्रेतायुग के दर्शन हो रहे हैं। काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया है। पहले संकरी गली थी, बमुश्किल पांच लोग जा पाते थे पर आज एक साथ 50 हजार श्रद्धालु भी आ जाएं तो कोई समस्या नहीं है।



दिल्ली का लाल किला हो या जम्मू का लाल चौक, चारों ओर उत्साह है


सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद की जड़ धारा-370 को समाप्त कर साबित कर दिया कि दिल्ली का लाल किला हो या जम्मू का लाल चौक, चारों ओर उत्साह है। क्योंकि यह क्षेत्र विकास की मुख्य धारा से जुड़ा है। जब जम्मू-कश्मीर की बात आती है तो भारत का मुकुट हर व्यक्ति गर्व से देखना चाहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सत्तालोलुपता ने आजादी के एक दिन पहले देश का विभाजन करा दिया, लेकिन हमने स्वतंत्र भारत में हमेशा एक ही धर्म माना, वह है राष्ट्रधर्म। राष्ट्र हमारे लिए सर्वोपरि है। मेरी व्यक्तिगत आस्था कुछ भी होगी, यदि वह राष्ट्र के मार्ग में बाधक है तो उसे दरकिनार कर दिया जाएगा। मेरे लिए देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता व अखंडता सर्वोपरि है।


कटोरा लेकर दुनिया के अंदर भीख मांगता दिख रहा पाकिस्तान


सीएम योगी ने कहा कि 140 करोड़ लोगों में से 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है। अगले पांच वर्ष तक यह सुविधा मिलेगी तो दूसरी तरफ 1947 में भारत से अलग हुआ पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनिया के अंदर भीख मांगता दिखाई दे रहा है। 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' का आज दुनिया में सम्मान है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। ऐसा नहीं हो सकता कि पाकिस्तानी घुसपैठ करके हमारी सुरक्षा में सेंध लगाएगा। अब पटाखा भी फूट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि मेरा हाथ नहीं है। उसे मालूम है कि कुछ हो गया तो लेने के देने पड़ेंगे। मजबूत सरकार होती है तो सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होती है।



जिन्हें नाराज होना है, हो जाएं, मैं वोटबैंक के लिए अयोध्या जाना नहीं छोड़ सकता


सीएम ने कहा कि पहले लोग खुद को हिंदू बोलने में भी संकोच करते थे। अयोध्या का नाम लेने में लोग डरते थे। 2017 में जब मैं उप्र का मुख्यमंत्री बना तो अयोध्या गया। अचरज होकर लोगों ने कहा कि यह क्या कर रहे हैं, कुछ लोग नाराज हो जाएंगे। मैंने कहा कि हो जाएंगे तो होने दो। मैं जनआस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। वोट बैंक के लिए यह नहीं हो सकता। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारी करो। अच्छी सरकार बनती है तो 500 वर्षों का इंतजार भी समाप्त हो जाता है।


उप्र पहला राज्य, जहां धर्मस्थलों से माइक उतर गया


सीएम ने कहा कि मोदी जी को देश की बागडोर सौंपने का श्रेय आपको जाता है। यदि जनता वोट नहीं देती तो हम देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को नहीं संभाल पाते। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान परस्त आतंकवादी तबाही मचाए थे तो यूपी में सत्ता के संरक्षण में अराजकता होती थी। वहां महीनों कर्फ्यू रहता था पर सात वर्ष में एक भी दंगा नहीं हुआ। वहां के लोग कर्फ्यू भूल गए। यूपी देश का पहला राज्य है, जहां धर्मस्थलों से माइक उतर गया। वहां माइक की आवाज नहीं होती, लोग विकास पर विश्वास कर रहे हैं। सीएम ने जम्मूवासियों से अयोध्या आने का आग्रह भी किया। संकोच न कीजिए, सात-दस वर्ष पहले की अयोध्या बदल गई है। हमने अयोध्या के अंदर भी एक्सप्रेस बना दिया है।


यूपी में कोई बहुत बकबक करता है तो नीचे से मिर्च का झोंका लगा देते हैं


सीएम ने कहा कि देश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण है। हम यूपी में कोई संकोच नहीं करते हैं। यूपी में कोई दंगा करता है तो उल्टा लटकाकर टांग देते हैं। बहुत ज्यादा कोई बकबक करता है तो नीचे से मिर्च का झोंका लगा दिया जाता है, सारी भो-भो ठीक हो जाती है।


बहुत कुछ खोया है, अब पाने का समय आया है


सीएम ने कहा कि लोग क्षेत्र, जाति, भाषा आदि वाद की बात करने आएंगे पर हमें किसी वाद में नहीं फंसना है। बहुत खोया है, अब पाने का समय आया है। देश को मजबूत करने का समय आया है। कठुआ को विकासधारा से जोड़कर वर्तमान व भावी पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य देना है। पहले जम्मू-कश्मीर को लोगों ने भगवान भरोसे छोड़ दिया था पर दस वर्ष में यहां एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, प्रौद्योगिकी संस्थान बन गए हैं। देश के साथ यह लोग गलत व्यवहार करते थे। जब भी देश पर संकट आता था तो यह लोग बाहर भाग जाते थे। डोडा का नरसंहार भी सबने देखा था।



जितेंद्र सिंह ने हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है


सीएम योगी ने कहा कि दस वर्ष में जो कार्य हुआ है, उसके परिणाम को और बेहतर तरीके से लाना है। इसके लिए तीसरी बार मोदी जी को जिताइए। मोदी जी के प्रतिनिधि के रूप में डॉ. जितेंद्र सिंह को तीसरी बार आशीर्वाद देना है। सरकार व पार्टी ने जो भी दायित्व सौंपा, सहजता, सरलता व कुशल व्यवहार से डॉ. सिंह ने उसे पूरा किया। 2014 में हम दोनों साथ सांसद थे। जब भी जम्मू-कश्मीर की बात आती थी तो वह बेझिझक कहते थे कि वहां का विकास हर हाल में होना चाहिए। वे बड़ी से बड़ी समस्याओं के समाधान पर ही फोकस करते थे। मोदी जी के नेतृत्व में जो सरकार विकास कार्य कर रही है, आपके सांसद उसके महत्वपूर्ण हिस्से हैं।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अशोक कौल, प्रदेश महासचिव डॉ. डीके मनाल, सुनील सेठी आदि मौजूद रहे।


योगी जी ने बदली यूपी की तकदीर


केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खूब तारीफ की। कहा कि हमें मोदी जी के साथ योगी जी का भी आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। यहां के लोग योगी जी को आदर्श मानते हैं। योगी जी के प्रति यहां के लोगों में श्रद्धा है। योगी जी ने जिस तरह यूपी की तकदीर व तस्वीर बदली है, उसका सभी उदाहरण देते हैं। यूपी में महिलाओं की सुरक्षा का उल्लेख किया जाता है। मोदी जी ने महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए 11 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए, योगी जी ने उसे उप्र में इज्जतघर का नाम दिया। महिलाओं को सुविधा के साथ स्वास्थ्य व सम्मान भी दिया। यही कारण है कि नारी शक्ति में मोदी-योगी को लेकर उत्साह है।


 

योगी की चेतावनी, निर्दोषों को छेड़ा तो मिट्टी भी नसीब नहीं होगी



- मेरठ की रैली में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


- बोले सीएम - जिस माफिया के नाम से लगता था कर्फ्यू, हमारे शासन में उसकी हो गई थी पैंट गीली


- अच्छा नेतृत्व देश को बुलंदियों पर ले जाता है, गलत नेतृत्व दरिद्रता लाता है : मुख्यमंत्री


- जिनकी गर्मी हम शांत कर चुके हैं, वो गये काम से अब उन्हें दोबारा गर्म मत होने देना : योगी आदित्यनाथ


मेरठ, 10 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि निर्दोषों को मारा तो मिट्टी भी नसीब नहीं होगी। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए जनता से अपील की कि पश्चिमी यूपी में जिन लोगों की गर्मी शांत कर दी गई है, उन्हें दोबारा गर्म नहीं होने देना है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छा नेतृत्व देश को जहां बुलंदियों पर ले जाता है वहीं गलत हाथों में सत्ता देने से दरिद्रता आती है। योगी ने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा कि एक तरफ भारत पिछले चार साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सौगात दे रहा है तो वहीं पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनियाभर में भीख मांग रहा है। पाकिस्तान की ये हालत उसके नेताओं के कारण हुई है।


योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से प्रत्याशी संजीव बालियान के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए कहा कि मेरठ आज 12 लेन के एक्सप्रेसवे के साथ सीधे दिल्ली से जुड़ गया है। अब मेरठ के लोग दिल्ली में नहीं दिल्ली के लोग मेरठ, सरधना और मुजफ्फरनगर में रहना चाहते हैं। पहले जिस दूरी को तय करने में 5 घंटे लगते थे अब उसे 1 घंटे में पूरा किया जाता है। यही नहीं 32 हजार करोड़ रुपए से रैपिड रेल सेवा से मेरठ को जोड़ा जा चुका है। आज उत्तर प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेजर ध्यानचंद के नाम पर इसी विधानसभा में बन रही है।



सीएम योगी ने कहा कि पश्चिमी यूपी में परिवर्तन स्पष्ट दिख रहा है। उन्होंने विपक्षियों पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां जो लोग गुमराह करने आ रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने संगीत सोम और संजीव बालियान को जेल में डाल के यहां की जनता को कर्फ्यू में झोंकने का काम किया था। दंगा पॉलिसी चलाने वालों ने यहां के युवाओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करके उनके जीवन को निगलने की कोशिश की थी, हमें उन्हें माफ नहीं करना है। मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने घास की रोटी खाना स्वीकार किया, मगर कभी विदेशी हुकूमत के सामने सिर नहीं झुकाया।


सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने कर्फ्यू लगा के इस क्षेत्र में बहन बेटियों की इज्जत को नीलाम करने का काम किया था, उन्हें फिर से पनपने का अवसर नहीं देना है। वे पहले दुम दबाकर आएंगे, बाद में गिरेबान पकड़कर अव्यवस्था और अराजकता को अंजाम देंगे। सरधना वीरों की भूमि है, वीरता कभी कायरता नहीं दिखाती। जाति के सौदागर पहले आपका उपयोग करेंगे बाद में सौदेबाजी करके गायब हो जाएंगे। इस देश के राष्ट्रधर्म पर जब भी खतरा आया है, इन्हीं लोगों के कारण आया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई माई का लाल आपका बाल भी बांका नहीं कर सकता, क्योंकि सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था कर दी गई है। आज बड़े बड़े माफिया और आतंकवादियों की कैसी दुर्गति हो रही है, सबको पता है। पहले जिनके नाम से ही कर्फ्यू लग जाया करता था, आज उनकी स्थिति हर कोई जानता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौरान एक दुर्दांत माफिया ऐसा था, जो चलता था तो मुख्यमंत्री हों या मुख्य न्यायाधीश, इन सबके काफिले रुक जाते थे और केवल उसका काफिला निकलता था। मगर जब हमने रगड़कर उसे कोर्ट के सामने प्रस्तुत किया तो उसकी पैंट गीली हो गई थी। तब हमने उसे कहा था कि कानून को रौंदने वाले कानून कितना बड़ा है, ये अहसास हो रहा है कि नहीं। निर्दोष लोगों को मारोगे तो मिट्टी भी नहीं मिल पाएगी।

इस अवसर पर बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसोदिया, प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष (मेरठ) शिवकुमार राणा, (मुजफ्फरनगर) सुधीर सैनी, पूर्व विधायक संगीत सोम, विक्रम सैनी, जिला प्रभारी मयंक गोयल सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।




bottom of page
google.com, pub-3470501544538190, DIRECT, f08c47fec0942fa0